श्रीदेवी जैसा हादसा, फाइव स्टार होटल के बाथटब में मृत मिली एनआरआई महिला

लंदन की रहने वाली भारतीय मूल की महिला का शव शुक्रवार को हरियाणा के होटल से बरामद किया गया। महिला की उम्र करीब चालीस साल बताई जा रही है। इस महिला की मौत भी बिल्कुल उसी तरह हुई है, जैसा कुछ समय पहले दुबई में फिल्म अभिनेत्री श्रीदेवी की हुई थी। बता दें कि दुबई के होटल में श्रीदेवी को उनके पति और फिल्म निर्माता बोनी कपूर ने बाथटब में मृत पाया था। उन्हें अस्पताल भी ले जाया गया। जहां डाॅक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया था।

घटना हरियाणा के सूरजकुंड की है। भारतीय मूल की लंदन में रहने वाली रितु कुमार किसी काम से भारत आईं थीं। वह 22 अप्रैल से सूरजकुंड के एक लग्जरी होटल में ठहरी हुई थीं। करीब 40 साल की रितु कुमार गुरुवार (26 अप्रैल) से अपने परिजनों के फोन काॅल्स का जवाब नहीं दे रही थीं। उनके फोन पर लगातार काॅल करने पर घंटी तो बज रही थी लेकिन काॅल उठ नहीं रही थी। फोन न उठने से परेशान उनके परिवार के सदस्यों ने हरियाणा पुलिस से संपर्क किया। उस सूचना पर पुलिस ने होटल में आकर रितु कुमार के बारे में जानकारी तलब की।

कहीं बाहर न निकलने और रूम सर्विस न लेने के कारण पुलिस को शक हुआ। सर्विस की से रूम खुलवाने के बाद जब पुलिस अंदर गई तो सभी कमरे खाली थे। इसके बार पुलिस ने जब बाथरूम खोला तो बाथटब में रितु कुमार का शव पड़ा हुआ था। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने कमरे को सील करके फरेंसिक जांच के लिए एक्सपर्ट टीम को बुलवाया है। वहीं रितु के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रितु की मौत की जांच के सिलसिले में होटल के स्टाफ से भी पूछताछ की जा रही है। पुलिस को जांच में सहयोग करने के लिए रितु कुमार के पति भारत आ रहे हैं। बता दें कि भारतीय अभिनेत्री और फिल्म निर्माता बोनी कपूर की पत्नी श्री देवी की लाश भी बाथटब में दुबई के होटल से बरामद की गई थी। शव की जांच में उनके शरीर से अल्कोहल मिलने की पुष्टि हुई थी।