क्या सचमुच सर्जिकल स्ट्राइक हुई है: UN

ban-ki-moon

भारत के नियंत्रण रेखा पर सर्जिकल स्ट्राइक के दावे पर संयुक्त राष्ट्र ने सावाल उठाया है। संयुक्त राष्ट्र महासचिव बान की मून के प्रवक्ता स्टीफ़ान दुजारिक ने कहा है कि संयुक्त राष्ट्र के सैन्य प्रेक्षक दल ने भारत और पाकिस्तान नियंत्रण रेखा पर किसी भी प्रकार की गोलीबारी नहीं देखी है। स्टीफ़ान दुजारिक ने कहा है कि संयुक्त राष्ट्र के सैन्य प्रेक्षक दल ने भारत और पाकिस्तान नियंत्रण रेखा पर कोई गोलीबारी सीधे तौर पर नहीं देखी है। संघर्ष विराम के कथित उल्लंघन के बारे में हमें खबरों से जानकारी मिली है। प्रेक्षक दल उस सिलसिले में संबंधित अधिकारियों से बातचीत कर रहा है।

गौरतलब है कि संयुक्त राष्ट्र का सैन्य प्रेक्षक दल भारत और पाकिस्तान के बीच नियंत्रण रेखा पर 1971 में लागू किए गए संघर्ष विराम की निगरानी करता है। वहीं संयुक्त राष्ट्र में भारत के राजदूत सैय्यद अकबरउद्दीन ने संयुक्त राष्ट्र के दावों को ख़ारिज किया है। उन्होंने कहा कि जो तथ्य हैं वह किसी के देखने या न देखने से बदल नहीं जाते हैं। और न ही किसी के मानने या न मानने से सच बदल जाता है। जो तथ्य हैं वह तो तथ्य ही रहते हैं और हमने तथ्य सामने रख दिए हैं और हम उसी पर कायम हैं।

भारत ने दावा किया था कि भारतीय सेना ने जम्मू-कश्मीर क्षेत्र में नियंत्रण रेखा पर आतंकी ठिकानों को धवस्त करने के लिए सर्जिकल स्ट्राइक किया है। पाकिस्तान ने भारत के इन दावों को गलत करार दिया था। पाकिस्तान ने कहा था कि ये वैसी ही झड़प थी जैसी इस इलाक़े में अमुमन होता रहता है। हालांकि पाकिस्तान ने माना था कि उसके दो सैनिक हमलों में मारे गए थे।