समाजवादी संग्राम में कूदे अमर, कहा बेटा करेगा राज, बेचारा बाप जंगल को जाएगा

नई दिल्ली: समाजवादी पार्टी में चल रहे खींच-तान के बीच अमर सिंह ने सपा प्रमुख मुलायम सिंह का समर्थन किया है। इस विवाद पर बोलते हुए अमर सिंह ने कहा है कि वो अपना पूरा समर्थन नेताजी को देते है और उनकी अवमानना करना पार्टी के अनुशासन को भंग करने के समान है।

अमर सिंह फिलहाल लंदन में हैं और वहीं से उन्होंने अपने एक बयान में कहा है कि परिवार में जो हो रहा है वो बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। मुलायम सिंह यादव पार्टी के पिता हैं और वो अखिलेश यादव के भी पिता हैं। नेताजी के विरुद्ध कितने भी बड़े लोग जो कुछ भी काम कर रहे हैं, वो बिल्कुल असंवैधानिक अनैतिक और गलत है। अमर सिंह ने अखिलेश यादव पर तंज कसते हुए कहा, “आज तो कुछ ऐसा लग रहा है कि रामचंद्र कह गए सिया से ऐसा कलयुग आएगा, बेटा करेगा राज बेचारा बाप जंगल को जाएगा।”

अमर सिंह ने कहा कि वो इस समय लंदन में हैं पर पूरी तरह से नेताजी के साथ हैं। उन्होंने कहा कि वो फैक्स भेजकर अपना समर्थन मुलायम सिंह यादव को देंगे। गौरतलब है कि कल शुक्रवार शाम को सपा प्रमुख मुलायम सिंह यादव ने मुख्यमंत्री अखिलेश यादव और पार्टी के महासचिव रामगोपाल यादव को पार्टी से छह साल के लिए निष्कासित कर दिया था।