सामूहिक बलात्कार कर महिला के गुप्तांग में डाली लकड़ी, पीड़िता की मौत, आरोपी गिरफ्तार

जामताड़ा: झारखंड के जामताड़ा जिले में एक महिला के साथ उसके पूर्व पति ने अपने दो दोस्तों के साथ मिलकर कथित तौर पर दुष्कर्म किया और महिला के गुप्तांग में लकड़ी का डंडा डाल दिया, जिसके बाद तड़प कर उसकी मौत हो गयी। क्षेत्र के पुलिस उपाधीक्षक (एसडीपीओ) बीएन सिंह ने बताया कि यह घटना जिले के नारायणपुर थाना क्षेत्र के उदयपुर में हुई।

उन्होंने बताया कि इस घटना की जानकारी होते ही पुलिस ने कार्रवाई की और आरोपी पूर्व पति उदय को गिरफ्तार कर लिया है तथा अपराध में शामिल उसके साथियों की तलाश की जा रही है। सिंह ने बताया कि महिला पबिया में आयोजित काली पूजा के अवसर पर आयोजित संथाली यात्रा देखने के लिए गई हुई थी। जहां उसका पूर्व पति भी आया हुआ था। वह अपने दोस्तों के साथ जबरन पत्नी को उठाकर समीप के खेत में ले गया। जहां दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया और उसके गुप्तांग में डंडे से चोट पहुंचायी। महिला बेहोश हो गई।

सुबह लोगों ने उसके कराहने की आवाज सुनकर उसे इलाज के लिए सीएचसी नारायणपुर में दाखिल कराया। वहां से उसे सदर अस्पताल जामताड़ा रेफर किया गया। परंतु सदर अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि महिला ने मौत से पूर्व स्थानीय लोगों को बताया कि उसके पूर्व पति ने ही उसके साथ इस घटना को अंजाम दिया और उसी ने दो अन्य दोस्तों के शामिल होने के बारे में जानकारी दी।

इस संबंध में एसडीपीओ जामताड़ा बीएन सिंह ने अन्य पुलिस पदाधिकारी के साथ घटना स्थल का निरीक्षण किया और आवश्यक साक्ष्य जब्त किया। उन्होंने कहा कि पुलिस इस मामले में सख्त कार्रवाई करेगी।