हमारी लड़ाई CM योगी से है- ओम प्रकाश राजभर

अपने ही गठबंधन वाली उत्तर प्रदेश सरकार के खिलाफ समय-समय पर बयानबाजी करने वाले सूबे के काबीना मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने आज मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के खिलाफ जंग का ऐलान करते हुए कहा कि इस लड़ाई का फैसला भाजपा अध्यक्ष अमित शाह करेंगे।

पिछड़ा वर्ग कल्याण मंत्री राजभर ने कल रात रसड़ा क्षेत्र में पार्टी कार्यकर्ताओं की एक बैठक को सम्बोधित करते हुए एक बार फिर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर निशाना साधा। भाजपा की सहयोगी सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के अध्यक्ष राजभर ने रामायण के एक कांड का हवाला देते हुए खुद की तुलना लव और कुश से की।

उन्होंने कहा कि लव और कुश की लड़ाई राम, लक्ष्मण, भरत और शत्रुघ्न से सिद्धांत को लेकर हुई थी। महर्षि वाल्मीकि ने हस्तक्षेप कर उनके बीच युद्ध को रोका था। हमारी लड़ाई मुख्यमंत्री से है। बीच में आकर फैसला अमित शाह करेंगे। राजभर ने बाद में संवाददाताओं से बातचीत में अपने बयान पर सफाई भी दी।

उन्होंने कहा कि वह सरकार को जनता की भावनाओं को लेकर आईना दिखा रहे हैं। साथ ही कहा कि वह सरकार के खिलाफ नहीं बोल रहे हैं। सुभासपा ने पिछला विधानसभा चुनाव भाजपा के साथ मिलकर लड़ा था और उसके कोटे के चार विधायक जीते थे।