ज़ाकिर नाइक के पिता अब्दुल करीम नाइक का दिल का दौरा पड़ने से निधन

मुंबई : इस्लामी उपदेशक ज़ाकिर नाइक के पिता अब्दुल करीम नाइक का मुंबई में अपने घर पर आज सुबह दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया | 87 वर्षीय अब्दुल करीम नाइक एक चिकित्सक और शिक्षाविद् थे  |

ज़ाकिर नाइक के एक सहयोगी ने बताया कि वह काफी दिनों से बीमार चल रहे थे | अब्दुल करीम को मजगांव स्थित अपने घर पर आज सुबह 3.30 बजे दिल का दौरा पड़ा था | उन्हें मजगांव में ही एक कब्रिस्तान में दफ़नाया जायेगा |

महाराष्ट्र के रत्नागिरी में जन्मे अब्दुल नाइक पेशे से डॉक्टर थे | उन्होंने साइकेट्रिस्ट के एक निजी संगठन बॉम्बे साइकेट्रिस्ट सोसाइटी में 1994-95  में अध्यक्ष  के तौर पर काम किया था | उन्होंने शिक्षा के क्षेत्र में में भी काफ़ी काम किया था |

जुलाई के महीने में बांग्लादेश की राजधानी ढाका में हुए आतंकी हमले के बाद ज़ाकिर नाइक विवादों में आये थे |उन पर आतंकी संगठन आईएस के लिए युवाओं को गुमराह करने का आरोप है | जुलाई के बाद से ही नाइक विदेश यात्रा पर हैं |ज़ाकिर नाइक के एक सहयोगी ने बताया कि नाइक अपने पिता के अंतिम संस्कार में शामिल नहीं हो पाए हैं | लेकिन अपने पिता को श्रद्धांजलि देने के लिए उनके जल्द शहर आने की संभावना है |

जाकिर नाइक के इस्लामिक रिसर्च फाउंडेशन (आईआरएफ) सुरक्षा एजेंसियों के निशाने पर है और जल्द ही आतंकवाद विरोधी कानून के तहत इसको बैन कर दिए जाने की संभावना है |