10 सितंबर को फिर भारत बंद का एलान, कांग्रेस ने इस बार कसी है कमर

नई दिल्ली: एससी-एसटी एक्ट के विरोध आज के भारत बंद से लोगों ने दम भी नहीं लिया कि एक और भारत बंद सामने है। जी हां, कांग्रेस पार्टी ने पेट्रोल और डीजल की बढ़ती कीमतों के खिलाफ 10 सितंबर को भारत बंद का एलान किया है।

इस बारे में कांग्रेस प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला जानकारी दी। उनके मुताबिक मोदी सरकार को जगाने के लिए और देश भर के लोगों के आक्रोश को रास्ता देने के लिए ही बंद का आह्वान किया गया है। बंदी का समय सुबह 9 बजे से अपराह्न 3 बजे तक रखा गया है। ताकि आम लोगों को अधिक परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।

कांग्रेस नेता ने दावा किया कि पेट्रोल और डीजल के दाम अंतरराष्ट्रीय बाजार में कम हो रहे हैं। जबकि केंद्र की मोदी सरकार इनकी कीमतों में इजाफे पर आमादा है।

सुरजेवाला ने आरटीआई का हवाला देते हुए खुलासा किया कि भारत 34 और 37 रुपए में 29 देशों को पेट्रोल-डीजल मुहैया करा रही है। कांग्रेस ने एक बार फिर पेट्रोल-डीजल को जीएसटी के दायरे में लाने की मांग की है।

कांग्रेस नेता ने दलील दी कि कांग्रेस ने जब सरकार छोड़ी थी तब गैस की कीमत 400 रुपए थी, जबकि इसकी कीमत आज दोगुनी हो चुकी है। कांग्रेस ने केंद्र की मोदी सरकार पर 11 लाख करोड़ रुपए के तेल की लूट का आरोप लगाया।