लड़की ने यौन उत्पीड़न का विरोध किया तो आग लगा दी, आरोपी हिरासत में

भोपाल। मध्‍यप्रदेश के राजगढ़ जिले सुस्तानी गाँव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। लड़की के घर पर बलात्कार का विरोध करने पर 13 साल की एक दलित लड़की को आरोपी ने जिंदा जलाने का प्रयास किया। हादसे में पीड़िता बुरी तरह झुलस गई है और उसे राजधानी भोपाल से 115 किमी दूर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पीड़िता कक्षा 6 की छात्रा है। शनिवार को लड़की के घर वाले कहीं गए थे और वह वह घर पर अकेली थी तभी 16 वर्षीय आरोपी लड़का जबरन उसके घर में घुस आया और बलात्कार की कोशिश करने लगा। जब छात्रा ने शोर मचाकर इसका विरोध किया तो आरोपी ने घर में रखा मिट्टी का तेल उसके ऊपर डाल कर आग लगा दी।

खुजनेर पुलिस थाना निरीक्षक इन्द्रराज सिंह ने बताया कि आरोपी आग लगाने के बाद मौके से फरार हो गया था। उसे रविवार रात पकड़ लिया गया है। उन्होंने कहा कि घटना में लड़की 50 फीसदी से अधिक झुलस गई और जिला चिकित्सालय राजगढ़ में उसका उपचार चल रहा है। सिंह ने बताया कि आरोपी के खिलाफ धारा 307, 354, 450 और अनुसूचित जाति एवं जनजाति अधिनियम की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।