2019 लोकसभा चुनाव: राज बब्बर और सलमान खुर्शीद को दी गयी बड़ी जिम्मेदारी!

कांग्रेस हाईकमान ने यूपी में लोकसभा चुनाव की कमान प्रदेश अध्यक्ष राज बब्बर को सौंपी है। उन्हें 33 सदस्यीय इलेक्शन कमेटी का अध्यक्ष बनाया गया है। शनिवार की देर रात चुनाव समिति, प्रचार समिति, चुनाव रणनीति एवं योजना समिति, संयोजक समिति, चुनावी घोषणापत्र समिति और मीडिया एवं प्रचार समिति का एलान कर दिया गया।

अमर उजाला पर छपी खबर के अनुसार, इनमें पूर्व केंद्रीय मंत्री सलमान खुर्शीद, राजीव शुक्ला, सीएलपी नेता अजय लल्लू, पूर्व विधायक गजराज सिंह, राशिद अल्वी, विधायक अराधना मिश्रा, पूर्व केंद्रीय मंत्री जितिन प्रसाद और पूर्व सांसद व विधायक प्रवीन सिंह ऐरन को महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी गई है।

चुनाव समिति में कांग्रेस के 33 सदस्यों को जगह मिली है। इसकी कमान प्रदेशअध्यक्ष राज बब्बर के पास होगी। गजराज सिंह की अध्यक्षता में प्रचार समिति का गठन किया गया है।

इसमें 21 सदस्य होंगे। पार्टी ने घोषणा पत्र समिति की कमान राशिद अल्वी को सौंपी हैं। इस समिति में 10 सदस्य होंगे। संयोजक समिति में 12 लोगों को शामिल किया गया है। इसकी कमान विधानमंडल दल के नेता अजय कुमार लल्लू को दी गई है। वहीं पूर्व मंत्री राजीव शुक्ला समेत 11 लोग को मीडिया एवं प्रचार समिति में जगह दी गई है।