हिमाचल प्रदेश में भयानक हादसा, भूस्खलन से 5 लोगों की मौत, 45 के मलबे में दबे होने की आशंका

मंडी: हिमाचल प्रदेश के मंडी में एक भयानक घटना घटी है। मंडी के पिधर में भूस्खलन के कारण अब तक पाँच लोगों की मौत हो चुकी है। देर रात एक बजे यह घटना घटी। पिधर जिला मुख्यालय से 25 किलोमीटर की दूरी पर है। पिधर सब डिविजन के कोट रूपी के पास यह घटना घटी। दो बसों, एक जीप और एक बाइक के चपेट में आने की आशंका जताई जा रही है। 40-50 लोगों के मलबे में दबे होने की भी आशंका है।

Facebook पे हमारे पेज को लाइक करने के लिए क्लिक करिये

डीसी मंडी संदीप कदम बचाव टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे हुए हैं। एक बस के ऊपर से मलबा हटाया जा चुका है, जबकि दूसरी बस लगभग 800 मीटर गहरी खाई में गिरी हुई है। आधिकारिक तौर पर अब तक 5 शवों को मलबे से निकाले जाने की पुष्टि की जा चुकी है। 6 घायल यात्रियों का पिधर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। राहत और बचाव अभियान के लिए सेना और एनडीआरएफ की टीमें भी बुलाई गई है।

रिपोर्टों के अनुसार एक बस चंबा से मनाली जा रही थी। एनएच पर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह ठप है। वहीं मनाली चंडीगढ़ राजमार्ग को एहतियात के तौर पे बंद कर दिया गया है।