भाजपा के 6 कार्यकर्ता 6 साल के लिये पार्टी से निष्कासित

चंडीगढ़ में प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सुभाष बराला के बेटे विकास बराला व उसके साथी द्वारा एक युवती से की गई छेड़छाड़ का मामला किस ओर करवट लेगा, यह तो अभी नहीं कहा जा सकता। लेकिन पानीपत में जिला भाजपा अध्यक्ष ने 6 कार्यकर्ताओं को जरूर पार्टी से 6 साल के लिये निष्कासित कर दिया है।

ये कार्यकर्ता रविवार को यहां जन संघर्ष समिति के बैनर तले फतेहपुरी चौक पर सुभाष बराला के पुतला दहन कार्यक्रम में शामिल थे।

जिला भाजपा अध्यक्ष प्रमोद विज के अनुसार सुखदेव, दिनेश सपरा, राजेंद्र जिंदी, अशोक आनंद, सुरेश नारंग और सुभाष मनचंदा ने संगठन को ताक पर रखकर अनुशासनहीनता का काम किया।

इसी कारण इनकी प्राथमिक सदस्यता रद्द करते हुये पार्टी से 6 साल के लिये निष्कासित किया गया है। उन्होंने कहा कि संगठन में अनुशानहीनता को किसी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जायेगा। उल्लेखनीय है कि कल सुभाष बराला का पुतला फूंकने वालों में उक्त कार्यकर्ता भी शामिल थे।

पूर्व मंडल अध्यक्ष राजेंद्र जिंदी भाई व सुरेश नारंग का कहना है कि उन्होंने किसी प्रकार की अनुशासनहीनता नहीं की। नारंग के अनुसार विज के निर्णय का वे विराेध करते हैं।

कल का कार्यक्रम जन संघर्ष समिति के बैनर तले आयोजित किया गया था,न कि भाजपा के बैनर तले। राजेंद्र जिंदी का कहना है कि वे असली भाजपाई हैं, नकली भाजपाई उन्हें कैसे निकाल सकते हैं। उन्होंने कहा कि वर्कर्स सरकार से कोई वेतन अथवा पेंशन नहीं लेते।