92 एनआरआई पतियों के पासपोर्ट रद्द, पत्नियों ने थाने में करवाई थी रिपोर्ट दर्ज

क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय ने 92 एनआरआई पतियों के पासपोर्ट रद्द कर दिए हैं। इनके खिलाफ पत्नियों ने थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। इसमें उत्पीड़न और शादी करने के बाद वापस भारत नहीं लौटने के आरोप लगाए गए हैं।

हिमाचल, पंजाब, हरियाणा व चंडीगढ़ की 25 हजार से अधिक महिलाओं से शादी कर एनआरआई दूल्हे फरार हैं। पुलिस से लेकर सरकार तक गुहार इन महिलाओं ने लगाई, लेकिन अब तक कोई निर्णय नहीं हो पाया है।

अब महिलाओं ने खुद लड़ने का फैसला लेते हुए टुगेदर वी कैन नामक एक ग्रुप बनाकर देशभर से 40 हजार से अधिक महिलाओं को इससे जोड़ा है। ये महिलाएं अब थानों और पासपोर्ट कार्यालयों में पतियों के खिलाफ शिकायतें दे रही हैं। पासपोर्ट कार्यालय की ओर से संबंधित पतियों को नोटिस जारी कर जवाब मांगा जा रहा है, 92 एनआरआई का जवाब नहीं मिलने पर उनका पासपोर्ट र्दद किया गया है।