समस्तीपुर। जिले में भगवा संगठनों द्वारा एक मस्जिद पर भगवा झंडे लहराये जाने से तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई। मीडिया रिपोर्टों के अनुसार जिले के रोसड़ा कस्बे में कुछ असामाजिक तत्व जामा मस्जिद के पास जुट गए और उस पर चढ़कर भगवा झंडे लगा दिए। घटना का विडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। इस वीडियो में एक व्यक्ति मस्जिद की मीनार पर चढ़कर भगवा झंडा लहराता दिख रहा है।
स्थानीय निवासियों ने दावा किया कि उन्होंने मस्जिद परिसर का हिस्सा जला दिया। पवित्र कुरान के कई पन्नों को भी जलाया गया। इस घटना में गुस्साए आसपास के इलाके के लोग सड़कों पर आ गए और पथराव किया। सड़क और रेल सेवा को करीब छह घंटे तक रोक दिया गया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए हवाई फायरिंग भी की।
https://youtu.be/0xj0S-jVHgc
पथराव में वरिष्ठ पुलिस अधिकारी सहित कई अन्य लोग घायल हो गए। घटना के बाद पूरे इलाके में धारा 144 लगाया गई है। जिला में इंटरनेट सेवा को बंद कर दिया गया है। स्कूलों को छुट्टियां दी गई हैं और स्थिति तनावपूर्ण लेकिन नियंत्रण में है।
प्रशासन इस पूरी घटना के दौरान मूकदर्शक बना रहा। इस संबंध में समस्तीपुर के एसपी दीपक रंजन ने कहा कि अब हालात सामान्य हैं। उन्होंने जानकारी दी कि मंगलवार सुबह कुछ उपद्रवी तत्वों ने शांति-व्यवस्था को भंग करने के मकसद से इस घटना को अंजाम दिया। उन्होंने कहा कि मंगलवार सुबह एक खास समुदाय के लोग अशांति फैलाने के मकसद से यहां जमा हुए थे।
जानकारी मिलने पर पुलिस फौरन पहुंची और हालात को काबू में किया गया। दीपक रंजन ने बताया कि इस मामले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। उनके मुताबिक, जब पुलिस वहां पहुंची तो उन्हें भगवा झंडे नहीं मिले, केवल तिरंगा लगा हुआ मिला। गौरतलब है कि हालिया समय में बिहार में कई जिलो में तनाव उत्पन्न हुआ है।
You must be logged in to post a comment.