BJP में हर तरफ भ्रष्टाचार ही भ्रष्टाचार है: कांग्रेस

सोनीपत: कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता रणदीप सिंह सुरजेवाला ने भाजपा के लक्षित हमले का राजनीतिक लाभ उठाने का आरोप लगाते हुए कहा कि हरियाणा सरकार दिशाविहीन हो गयी है।

सुरजेवाला ने भाजपा और मुख्यमंत्री मनोहरलाल पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा जमीनी स्तर के नेता को अलग थलग करने पर लगी हुई है। भाजपा को सरकार चलाने का कोई तजुर्बा नहीं है। प्रशासन बेलगाम हो चुका है। चारों तरफ भ्रष्टाचार फैला हुआ है। यह दिशाविहीन और दशाहीन प्रदेश सरकार है।

उन्होंने कहा की सेना द्वारा पाकिस्तान के आंतकी ठिकानों पर सर्जिकल हमले का प्रचार कर राजनीतिक लाभ उठाने की भाजपा सरकार कोशिश कर रही है जो कि देश की राजनीति के लिए सही नहीं है। शहीदों के खून पर और उनकी शहादत पर जो राजनीति करेगा उसे देश और उत्तर प्रदेश की जनता करारा जवाब देगी।

राष्ट्रीय प्रवक्ता ने एक सवाल के जवाब में कहा कि वित्त मंत्री अरुण जेटली की बातों का कोई मतलब नहीं है, वो तो खुद ही अपनी पार्टी में खोई हुई जमीन और स्थिति तलाश कर रहे है। उन्होंने कहा कि उनकी अपनी पार्टी के सांसद कीर्ति आजाद ही खुद उन पर दर्जनों बार आरोप लगाते है। उन्होंने कहा कि दिल्ली में कांग्रेस कार्यकर्ताओं के झगड़े को निंदनीय बताया। उन्होंने कहा कि प्रजातन्त्र में वैचारिक मतभेद हो सकते है परंतु इसका मतलब ये नहीं है कि शारीरिक बल का प्रयोग किया जाए।

उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों को आत्मचिंतन की आवश्यकता है।

(भाषा)