कानपुर: अवैध पटाखा फैक्ट्री में विस्फोट, 3 की मौत, कई मकान ज़मींदोज़

कानपुर। उत्तर प्रदेश के कानपुर में अवैध रूप से संचालित पटाखा फैक्ट्री में भीषण विस्फोट हो गया। इस धमाके में 3 लोगों की मौत हो गई और 2 अन्य घायल हो गए।

घटना महराजपुर क्षेत्र के सरसौल बाजार की है। जहां बीचों-बीच बाजार में स्थित एक अवैध पटाखा फैक्ट्री में अचानक  विस्फोट हो गया। बताया जा रहा कि विस्फोट इतना ज़ोरदार था कि 6 मकान मलबे में तब्दील हो गए।

घटना की जांच के लिए आतंकवादी निरोधक दस्ता (एटीएस) मौके पर पहुंच गया है जबकि राष्ट्रीय आपदा अनुक्रिया बल (एनडीआरएफ) के जवान स्थानीय पुलिस प्रशासन की मदद कर रहा है। मलबे में कई लोगों के दबे होने की संभावना है। वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में क्षेत्र में बचाव और राहत कार्य जारी है। मलबे से अब तक 3 लोगों के शव बरामद किए गए हैं जिसमें एक महिला और एक बच्चे का शव शामिल है।

पुलिस के मुताबिक कस्बे के एक मकान में पटाखा फैक्ट्री का अवैध संचालन हो रहा था। यह मकान बाबू सिंह नामक व्यक्ति का है। इस बीच धमाका होने से यह मकान जमीदोज हो गया। मलबे से 2 लोगों को गंभीर हालत में बाहर निकाला गया है जिन्हें कांशीराम अस्पताल में भर्ती कराया गया है।