CM ममता बनर्जी राजनीतिक फायदे के लिए NRC का विरोध कर रही हैं- कांग्रेस

राष्ट्रीय नागरिक पंजीकरण (एनआरसी) के मसले को लेकर मुहिम चला रही पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को बड़ा झटका लगा है। कांग्रेस ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर निशाना साधा है।

पश्चिम बंगाल कांग्रेस अध्यक्ष अधीर रंजन चौधरी ने तृणमूल कांग्रेस सुप्रीमो ममता बनर्जी को अवसरवादी नेता बताते हुए जमकर तंज कसा है। अधीर रंजन कहा कि साल 2005 में बांग्लादेशी घुसपैठियों को समस्या बताने वाली ममता बनर्जी राजनीतिक फायदे के लिए एनआरसी का विरोध कर रही हैं।

कांग्रेस सांसद अधीर रंजन ने ममता पर बड़ा हमला बोलते हुए कहा कि राजनीतिक स्वार्थ के लिए ममता बनर्जी दिल्ली में कांग्रेस से समर्थन मांगती हैं और बंगाल में आदमखोर की तरह कांग्रेस को खा रही है।

गौरतलब है कि 30 जुलाई को असम में एनआरसी के ड्राफ्ट को जारी कर दिया गया। इसके तहत 40 लाख लोगों को अवैध करार दिया गया है। वहीं दो करोड़ 89 लाख 83 हजार 677 लोगों को वैध नागरिक माना गया।

जिसके बाद ममता बनर्जी ने केंद्र और असम सरकार पर जोरदार हमला बोला । ममता ने कहा कि एनआरसी के बहाने बीजेपी असम में वोट बैंक की राजनीति खेल रही है।

भाजपा लोगों को बांटने की कोशिश कर रही है। इसे बर्दाश्त नहीं किया जा सकता है। इससे देश में गृहयुद्ध की स्थिति बन जाएगी और लहूलुहान की स्थिति बन जाएगी। ममता बनर्जी ने कहा कि अपने ही देश में 40 लाख लोगों को शरणार्थी बना दिया गया है।

गौरतलब है कि ममता बनर्जी दिल्ली दौरे पर थी। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी और सोनिया गांधी से मुलाकात की थी। मुलाकात के दौरान एनआरसी मुद्दे पर समर्थन मांगा था। इस दौरान ममता ने बनर्जी ने लालकृष्ण आडवाणी से मुलाकात की थी। इसके अलावा ममता ने कई विपक्षी दलों के नेताओं से मुलाकात की थी।