VIDEO- आंध्र प्रदेश में अमित शाह के काफिले पर फेंके गए पत्थर, टीडीपी कार्यकर्ता पर आरोप

आंध्र प्रदेश के तिरुपति में भाजपा अध्यक्ष अमित शाह के काफिले पर हमला हुआ है। ये हमला उस वक्त हुआ जब अमित शाह तिरुपति बालाजी मंदिर के दर्शन कर एयरपोर्ट लौट रहे थे। अलीपीरी में उनका काफिला पहुंचने पर ये घटना हुई। जानकारी के मुताबिक इसके पीछे टीडीपी कार्यकर्ताओं का हाथ बताया जा रहा है। दरअसल, टीडीपी के कार्यकर्ता शाह के आने का विरोध कर रहे थे। इसी दौरान कार्यकर्ताओं ने कथित रूप से उनके काफिला पर पत्थर फेंके।

इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने हाथों में काले झंडे लिए हुए थे। उन्होंने ‘अमित शाह वापस जाओ’ और ‘हमें न्याय चाहिए’ जैसे नारे भी लगाए। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रोकने की कोशिश भी की। पत्थरबाजी में काफिले की एक गाड़ी की खिड़की का शीशा टूट गया। पुलिस अधिकारी ने बताया कि इस घटना में अमित शाह और उनका परिवार सुरक्षित है। बता दें अमित शाह अपने पूरे परिवार के साथ गुरुवार शाम यहां पहुंचे थे। शुक्रवार सुबह उन्होंने मंदिर में पूजा अर्चना भी की।

YouTube video

गौरतलब है कि आंध्र प्रदेश को विशेष राज्य का दर्जा देने की मांग लगातार जोर पकड़ती जा रही है। प्रदेश में सत्ता संभाल रही टीडीपी लगातार इस मुद्दे को उठा रही है। पार्टी ने इस मुद्दे पर केंद्र में भाजपा के नेतृत्व वाली एनडीए गठबंधन से खुद को अलग भी कर लिया।