गिरिश चोडांकर का आरोप : गोवा सरकार वाहन चालकों से फर्जी तरीके से पैसे वसूल रही है

पणजी। अखिल भारतीय कांग्रेस समिति के सचिव गिरिश चोडांकर ने गोवा में भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व वाली सरकार पर दुपहिया और चौपहिया वाहन चालकों से फर्जी तरीके से पैसे वसूलने का आरोप लगाया है।

यहां एक वक्तव्य में कांग्रेस सचिव ने कहा कि मुख्यमंत्री मनोहर पर्रिकर के नेतृत्व वाली सरकार के वित्तीय कुप्रबंधन के कारण राज्य आर्थिक रूप से दिवालियेपन का शिकार हो रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य में यातायात अनुशासन के नाम पर चलाए जा रहे अभियान से सडक़ दुर्घटनाओं में मरने वाले लोगों की संख्या में कोई कमी नहीं आई है।

चोडांकर ने कहा कि कांग्रेस पार्टी राज्य सरकार द्वारा यातायात नियमों के नाम पर लोगों का अनावश्यक रूप से शोषण किए जाने के खिलाफ है। हम यातायात संबंधी नियमों का उल्लंघन करने वाले लोगों के खिलाफ की जा रही कार्रवाई का विरोध नहीं करते बल्कि दुपहिया और चौपहिया वाहन चलाने वाले लोगों को मूर्ख बनाकर उनसे फर्जी तरीके से पैसे वसूलने का विरोध कर रहे हैं।