गूगल ने डूडल बनाकर भारत को दी आज़ादी की बधाई

भारत की आजादी की 71वीं वर्षगांठ पर सर्च इंजन गूगल ने डूडल बनाया है। गूगल ने अपने डूडल में भारतीय संसद और राष्ट्रीय ध्वज तिरंगे का इस्तेमाल किया है।

रंगों वाले इस डूडल पर क्लिक करने पर आपको गूगल भारत के स्वतंत्रता दिवस से जुड़ी सभी खबरों की सर्च पर ले जाता है। भारत 15 अगस्त 1947 को ब्रिटिश कोलोनियल शासन से करीब 200 साल बाद आजाद हुआ था।

जवाहरलाल नेहरू भारत के पहले प्रधानमंत्री बने थे। डॉक्टर राजेंद्र प्रसाद देश के पहले राष्ट्रपति बने। आजादी के करीब तीन साल बाद 26 जनवरी 1950 को भारत को अपना संविधान मिला।

ब्रिटिश ईस्ट इंडिया कंपनी 17वीं सदी में भारत में कारोबार करने आयी। यूरोप के दूसरे देशों के कारोबारियों से मुकाबले के लिए ईस्ट इंडिया कंपनी के पास अपनी सेना भी थी।

मुगल बादशाह जहांगीर से इजाजत लेकर इस कंपनी ने भारत में सूत, रेशम, नील, चाय, अफीम, मसालों इत्यादि का कारोबार शुरू किया।

मुगल साम्राज्य जब तक मजबूत रहा ईस्ट इंडिया कंपनी के मंसूबे काबू में रहे लेकिन 1707 में औरंगजेब की मृत्यु के बाद इस कंपनी ने देश में किसी शक्तिशाली राजा के अभाव और अन्य रियासतों की आपसी फूट का लाभ उठाते हुए ईस्ट इंडिया कंपनी ने राजनीतिक मंसूबों को पूरा करना शुरू कर दिया।