इंग्लैंड- भारत टेस्ट मैच: जीत के लिए चाहिए 194 रन, इशांत शर्मा ने झटके पांच विकेट

इंग्लैंड के खिलाफ पहले टेस्ट में भारत को जीत के लिए 194 रन चाहिए। दूसरी पारी में उसका स्कोर 5 ओवर में 16/0 है। मुरली विजय और शिखर धवन क्रीज पर हैं। इससे पहले इंग्लैंड की दूसरी पारी 53 ओवर में 180 रन पर सिमटी।

उसके 8वें नंबर पर बल्लेबाजी करने आए सैम कुरेन ने सबसे ज्यादा 63 रन बनाए। उन्होंने 54 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा किया। भारत की ओर से इशांत शर्मा ने 5, रविचंद्रन अश्विन ने 3 और उमेश यादव ने 2 विकेट लिए।

इंग्लैंड ने मैच के पहले दिन बुधवार को टॉस जीतकर बल्लेबाजी का फैसला किया था। उसकी पहली पारी 287 रन पर ऑलआउट हुई। भारत ने पहली पारी में 274 रन बनाए।

इंग्लैंड की दूसरी पारी में इशांत शर्मा ने एक ओवर में 3 विकेट लिए। लंच से पहले 31वें ओवर में उन्होंने दूसरी गेंद पर बेयरस्टो, चौथी गेंद पर बेन स्टोक्स को आउट किया। इसके बाद लंच हो गया।

लंच के बाद ओवर की आखिरी गेंद पर इशांत ने बटलर का विकेट लिया। इशांत एजबस्टन के इस मैदान में एक पारी में 5 या उससे ज्यादा विकेट लेने वाले तीसरे भारतीय हैं। उनसे पहले कपिल देव (1979 में 5/146) और चेतन शर्मा (1986 में 6/58) अपने नाम यह उपलब्धि कर चुके हैं।

इशांत के टेस्ट में 244 विकेट हो गए हैं। उनसे पहले अनिल कुंबले, कपिल देव, हरभजन सिंह, रविचंद्रन अश्विन, जहीर खान, बिशन सिंह बेदी, बीएस चंद्रशेखर और जवागल श्रीनाथ टेस्ट में 200 से ज्यादा विकेट अपने नाम कर चुके हैं। हालांकि इस सूची में इशांत के अलावा अश्विन ही हैं, जो मौजूदा समय में खेल रहे हैं।