सनातन संस्था को बैन लगाने की तैयारी लगभग पूरी , सख्त कार्रवाई करेगी महाराष्ट्र सरकार!

महाराष्ट्र सरकार सनातन संस्था पर बैन लगाने की तैयारी कर रही है। महाराष्ट्र सरकार के टाॅप सूत्रों ने बताया कि हम गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम(UAPA) के तहत सनातन संस्था पर प्रतिबंध लगाने के लिए कड़ा केस बना रहे हैं।

नालासोपारा हथियार मामले में सनातन संस्था का लिंक सामने आया है। सरकार ने छापे से पहले करीब एक साल तक सनातन संस्था के नेटवर्क को लेकर काम किया। अधिकारियों की टीम गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम के तहत सनातन संस्था पर एक ताजा रिपोर्ट कर रही है।

अधिकारियों ने कहा कि सनातन संस्था पर प्रतिबंध लगाने के लिए हम जल्द ही पूरी विस्तृत रिपोर्ट को केंद्र सरकार के पास भेजेंगे। उन्होंने कहा कि जांच में कई संवेदनशील सूचनाएं सामने आई हैं। अधिकारियों ने कहा कि महाराष्ट्र एटीएस ने अब तक 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया है और माना जाता है सभी ओरोपी दक्षिण पंथी संगठन से जुड़े हुए हैं।

सूत्रों ने कहा कि वे मुंबई और राज्य के दूसरे जिलों में आतंकी हमले की तैयारी कर रहे थे। अधिकारियों ने कहा कि पूणे म्यूजिक पार्टी और पद्मावत फिल्म की स्क्रीनिंग भी उनके निशाने पर थी। अलग-अलग जगहों से भारी मात्रा में हथियार बरामद किए गए हैं। कुछ आरोपियों के संबंध दाभोलकर और गौरी लंकेश हत्याकांड में भी सामने आए हैं।