गिरिराज सिंह के देवबंद पर दिए विवादित बयान पर मुस्लिम संगठनों ने दुःख जताया, माफ़ी मांगने को कहा!

अक्सर विवाद में रहने वाले गिरिराज सिंह को लेकर मुस्लिम समुदाय हमेशा परेशान रहता है। अल्पसंख्यकों के खिलाफ़ जहर उगलने और विवादित बयान देने के लिए जाने जाते हैं बीजेपी के सासंद गिरिराज सिंह।

दारुल उलूम देवबंद को लेकर उन्होंने जो बयान दिया है, इसके खिलाफ़ मुस्लिम संगठनों ने जमकर विरोध जताया है। अॉल इंडिया मुशावरत के नावेद हमीद ने सख्त मजमत करते हुए उन्हें बयान पर माफी मांगने के लिए कहा है।

मालूम हो कि केंद्रीय मंत्री और भाजपा नेता गिरिराज सिंह के एक और बयान पर विवाद बढ़ गया है। बुधवार को गिरिराज सिंह ने उत्तर प्रदेश के देवबंद इलाके में कहा था, ‘यहां से आतंकवाद पैदा होता है और बगदादी तथा हाफिज सईद जैसे आतंकी देवबंद की देन हैं।

इसके साथ ही गिरिराज सिंह के इस बयान के बाद उन पर देश का बंटवारा करने का आरोप लगाया जा रहा है। ऑल इंडिया जमीयत राजपूत के अध्यक्ष मौलाना कारी मुस्तफा ने कहा कि भाजपा नेता का बयान अफसोसजनक है। उन्होंने गिरिराज की बात को शर्मनाक बताते हुए कहा कि उनका मानसिक संतुलन ठीक नहीं है।

मौलाना कारी की यह प्रतिक्रिया आज आई. इसमें उन्होंने केंद्रीय मंत्री के बयान की निंदा करते हुए आरोप लगाया कि भाजपा ऐसे लोगों को बढ़ावा दे रही है जो देश का बंटवारा कर उसे बर्बाद करना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि देवबंद में आतंकवाद पैदा नहीं होता और मंत्री का बयान देवबंद में रहने वाले तमाम लोगों का अपमान है।

मुस्तफा ने कहा कि इस्लाम कहता है कि दहशतगर्दी का इस्लाम से कोई रिश्ता नहीं है और जो लोग दहशतगर्द हैं वे इस्लाम के हो ही नहीं सकते।