लाल किले से पीएम मोदी ने कहा- ‘2022 तक भारत अंतरिक्ष में तिरंगा फहराएगा’

अंग्रेजों से भारत को आजद हुए 71 साल पूरे हो गए हैं और देश आज 72वां स्वतंत्रता दिवस मना रहा है। इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने लाल किले के प्राचीर से तिरंगा फहरा कर देश को स्वतंत्रता दिवस की बधाई दी। हर वर्ष की तरह इस साल भी पीएम मोदी ने देशवासियों को कई खुशखबरी दी है।

लाल किले से भाषण देते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि भारत अंतरिक्ष के क्षेत्र में लगातार प्रगति कर रहा है और 6 सालों में यानी की वर्ष 2022 तक भारत अंतरिक्ष में ‘गगनयान’’ के माध्यम से मानव मिशन पहुंचाएगा। पीएम मोदी ने बुधवार को स्वतंत्रता दिवस के मौके पर यह ऐलान किया कि 75 साल पूरे होने पर भारत मां का बेटा या बेटी अंतरिक्ष में जाएगा और वहां तिरंगा फहराएगा।

इस मौके पर पीएम मोदी ने इंडियन स्पेस रिसर्च अॉर्गनाइजेशन (इसरो) के वैज्ञानिकों की भी तारीफ की और इसरो के आने वाले सालों की योजनाओं के बारे में देश को अवगत कराया।

उन्होंने बताया कि, साल 2022 तक भारतीय वैज्ञानिक अंतरिक्ष में मानव को भेजने का संकल्प लिया है। मानवसहित गगनयान अंतरिक्ष में अपने साथ तिरंगे को भी ले जाएगा। यदि संभव हुआ तो भारत इस उपलब्धि को हासिल करने वाला दुनिया का चौथा देश होगा।

बता दें कि, इसरो द्वारा चंद्रयान 1 भारत का पहला चंद्र अभियान था और इसरो ने इसे अक्तूबर 2008 में पेश किया था। मंगलयान भारत का मंगल अभियान था जो 2014 में शुरू हुआ था।

इसरो के नाम 2018 में एक और कीर्तिमान दर्ज हुआ जब भारतीय वैज्ञानिकों ने 28 विदेशी और तीन स्वदेशी उपग्रहों को एक साथ लांच कर दुनिया को हैरान कर दिया था। इसी लांच के साथ इंडियन स्पेस रिसर्च अॉर्गनाइजेशन (इसरो) ने खुद का बनाया हुआ 100वां उपग्रह अंतरिक्ष में स्थापित करके नाबाद शतक भी लगाया था।