VIDEO: हड़ताल पर बैठे सफाईकर्मियों ने दी धर्म परिवर्तन की धमकी, कहा-इस्लाम कबूल करेंगे

अपनी मांगों को लेकर 10 दिन से हड़ताल कर रहे सफाई कर्मचारियों ने धर्मपरिवर्तन करने की धमकी दी है। वहीं एमसीडी स्वच्छता कर्मचारी यूनियन के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष संजय गहलोत ने धर्मपरिवर्तन के ऐलान का विरोध किया है।

YouTube video

पूर्वी दिल्ली नगर निगम साउथ जोन में जीत दर्ज करने वाली एमसीडी स्वच्छता कर्मचारी यूनियन के संस्थापक आरबी ऊंटवाल ने ऐलान किया है कि 5 अक्टूबर वह हजारों सफाई कर्मचारी के साथ जामा मस्जिद जाकर इस्लाम धर्म कबूल करेंगे। हालांकि इस ऐलान के बाद संगठन में फुट भी नजर आ रही है।

बता दें कि आरबी ऊंटवाल ने कहा कि देश में दलित समाज वर्षो से उपेक्षा का शिकार रहा है। ईडीएमसी में ज्यादातर सफाई कर्मचारी दलित समाज से आते हैं और यहां भी उनका दोहन किया जा रहा है।

ऊंटवाल ने कहा कि सफाई कर्मचारी को न तो वक्त पर वेतन दिया जा रहा है और न ही उनका एरियर वर्षों से दिया जा रहा है। सफाई कर्मचारी अपनी मांग को लेकर लगातार प्रदर्शन करते हैं। उन्हें मजबूर होकर हड़ताल करना पड़ता है, इसके बावजूद उनकी नहीं सुनी जाती।

ऊंटवाल ने कहा है कि अपनी मांग को लेकर 3 अक्टूबर को एलजी आवास पर प्रदर्शन किया जाएगा। अगर उसके बावजूद भी उनकी सभी मांग नहीं मानी गई तो वह हजारों सफाई कर्मचारियों के साथ मिलकर जामा मस्जिद जाकर धर्म परिवर्तन कर इस्लाम धर्म कबूल करेंगे।

वहीं एमसीडी स्वच्छता कर्मचारी यूनियन के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष संजय गहलोत ने कहा की ये प्रशासनिक लड़ाई है, इसे राजनीतिक मुद्दा बनाना ठीक नहीं है।