कर्नाटक: 23 मई को सीएम पद की शपथ लेंगे एचडी कुमारस्वामी

कर्नाटक: मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा के इस्तीफे के बाद अब जेडीएस नेता एचडी कुमारस्वामी 23 मई को नए मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ लेंगे। कुमारस्वामी ने शनिवार को पत्रकारों से कहा आज भाजपा सरकार सदन में अपनी ताकत दिखाने में विफल रही। इस आधार पर राज्यपाल ने अगली सरकार बनाने के लिए मुझे आमंत्रित किया है।

Facebook पे हमारे पेज को लाइक करने के लिए क्लिक करिये

येदियुरप्पा के इस्तीफे के कुछ घंटे बाद जद (एस)-कांग्रेस-बसपा गठबंधन के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार एच डी कुमारस्वामी ने राज्यपाल वजुभाई वाला से मुलाकात की और उन्होंने कहा कि उन्हें सरकार बनाने के लिए आमंत्रित किया गया है।

जद (एस) प्रमुख और पूर्व प्रधानमंत्री एच डी देवेगौड़ा के 58 वर्षीय बेटे ने कहा कि राज्यपाल ने उन्हें बहुमत साबित करने के लिए 15 दिन का समय दिया है लेकिन उन्होंने कहा, ‘‘ हमें 15 दिनों की जरूरत नहीं है।’’ कांग्रेस – जद (एस) गठबंधन ने 224 सदस्यीय विधानसभा में 117 विधायकों के समर्थन का दावा किया है। दो सीटों पर विभिन्न कारणों से मतदान नहीं हुआ था जबकि कुमारस्वामी दो सीटों से चुनाव जीत थे।

बता दें कि कर्नाटक में राज्यपाल द्वारा भाजपा को सरकार बनाने की न्योता देने के बाद सुप्रीम कोर्ट ने आदेश दिया था कि येदियुरप्पा सरकार शनिवार शाम चार बजे तक राज्य विधानसभा में विश्वास मत हासिल करें। लेकिन येदियुरप्पा सरकार नहीं बचा पाया अंतत: उन्हें इस्तीफा देना पड़ा।

येदियुरप्पा का सत्ता में रहने का यह सबसे कम समय था। वह 2007 में जब पहली बार मुख्यमंत्री बने थे उस समय केवल सात दिन ही मुख्यमंत्री रहे थे। वह दूसरी बार उस समय मुख्यमंत्री बने थे जब 2008 में कर्नाटक में भाजपा ने पहली बार अपनी सरकार बनाई थी।