हरियाणा- जुमे की नमाज पढ़ने गए छात्र पर हमला, केस दर्ज

देश में कश्मीरी छात्रों पर हमले की घटना एक बार फिर से सामने आई है। अब ताजा मामला हरियाणा के महेंद्रगढ़ जिले के मसानी चौक का है, जहां पर कुछ अज्ञात लोगों ने दो कश्मीरी छात्रों पर हमला कर दिया. ये कश्मीरी युवा हरियाणा केंद्रीय विश्वविद्याल में भूगोल के छात्र हैं।

इस हमले में बुरी तरह घायल हुए एक कश्मीरी छात्र जावेद इकबाल जगल ने ट्वीट कर इसकी जानकारी दी। पीड़ित छात्रों की शिकायत पर हरियाणा पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।

पीड़ित छात्र ने अपने ट्वीट के साथ जम्मू-कश्मीर की मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती, पूर्व मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला, केंद्रीय गृह मंत्रालय, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और जम्मू-कश्मीर पुलिस को भी टैग किया है।

जावेद इकबाल जगल ने कहा, ”हम हरियाणा केंद्रीय विश्वविद्याल के छात्र हैं और शुक्रवार को जुमा की नमाज पढ़ने के लिए कैंपस से बाहर गए थे, तभी कुछ लोगों ने हमारी पिटाई शुरू कर दी.” जगल ने ट्विटर पर हमले में घायल होने की तस्वीरों को भी साझा किया है।

पीड़ित छात्र के ट्वीट के बाद प्रतिक्रिया देते हुए जम्मू-कश्मीर की मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती ने इस घटना की कड़ी निंदा की है। साथ ही हरियाणा के पुलिस महानिदेशक से मामले में कड़ी कार्रवाई करने को कहा है। उन्होंने कहा कि वह इस घटना से हैरान हैं कि हरियाणा के महेंद्रगढ़ में कश्मीरी छात्रों पर हमला किया जा रहा है।

इस घटना पर जम्मू-कश्मीर पुलिस ने भी अलग से एक ट्वीट किया है। जम्मू-कश्मीर पुलिस ने कहा कि वह इस घटना को लेकर हरियाणा पुलिस के संपर्क में है। हरियाणा पुलिस ने कई धाराओं तहत मामला दर्ज कर लिया है।