पश्चिम बंगाल में अब भाजपा खुलकर गुंडागर्दी पर उतर आई है: ममता बनर्जी

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने लालबाजार अभियान के दौरान हुई हिंसा के लिए भाजपा को जिम्मेदार ठहराते हुए पार्टी पर राज्य में अराजकता फैलाने का आरोप लगाया है।

लालबाजार अभियान के दौरान हुई हिंसा पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा आैर माकपा के बीच एक-दूसरे से आगे निकलने की होड़ मची हुई है।

राजधानी दिल्ली में पीएम मोदी से बैठक होने के बाद संवाददाताआें से बात करते हुए ममता बनर्जी ने कहा कि कहीं किसी तरह की हिंसा नहीं हुई है। यह भाजपा आैर माकपा द्वारा प्रायोजित हिंसा है।

पहले माकपा के लोगों ने पुलिसवालों को पीटा। महिला पुलिसकर्मियों की भी पिटाई की। आज भी भाजपा ने हिंसा आरंभ की। पुलिस की जीप जला दी। सरकारी संपत्ति में आग लगा दी। भाजपावालों ने पुलिसवालों को पीटा। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक आंदाेलन का अर्थ गुंडे लाना नहीं, बल्कि लोगों को साथ ले कर चलना है।

हम लोगों ने भी काफी आंदाेलन किया है। हमारे आंदोलन पर भी 21 जुलाई को फायरिंग हुई थी, जिसमें कई लोग मारे गये थे। सुश्री बनर्जी ने कहा कि यह कैसी राजनीति है। माकपा आैर भाजपा में नंबर दो व नंबर तीन की प्रतियोगिता चल रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि मुद्दे के बगैर आंदोलन किया जा रहा है।

पश्चिम बंगाल में कोई मुद्दा ही नहीं है। बांस व पत्थर लेकर लोग आंदोलन कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि माकपा की राजनीति गुंडागर्दी की राजनीति है। अब भाजपा भी उसी रास्ते पर चल रही है। भले ही राष्ट्रीय स्तर पर यह पार्टियां अलग हैं, पर स्थानीय स्तर पर माकपा, भाजपा व कांग्रेस सभी आपस में मिले हुए हैं।