MCD चुनाव के मद्देनज़र दिल्ली में अर्धसैनिक बल के 56 हजार जवान सुरक्षा में तैनात

इस बीच राज्य निर्वाचन आयोग ने मतदान के लिए तैयारियां पूरी कर ली हैं। आयोग के एक अधिकारी ने बताया कि तीनों नगर निगम के चुनाव में मतदान के लिए कुल 13022 मतदान केन्द्र बनाये गए हैं। सभी केन्द्रों पर ईवीएम सहित मतदान संबंधी सभी जरूरी सामान पहुंचा दिया गया है।

दिल्ली पुलिस ने अर्धसैनिक बलों के साथ सभी मतदान केन्द्रों पर पुख्ता सुरक्षा इंतजाम सुनिश्चित कर दिए हैं। वहीं सुबह सात बजे से मतदान शुरू होने के मद्देनजर चुनावकर्मियों की सहूलियत के लिए दिल्ली मेट्रो सुबह चार बजे से मेट्रो रेल का परिचालन करेगी।

राज्य चुनाव आयोग ने निगम चुनाव में 774 स्थानों पर 4748 मतदान केन्द्रों को संवेदनशील और अतिसंवेदनशील घोषित किया है। इसके मद्देनजर मतदान से लेकर 26 अप्रैल को मतगणना होने तक, संपूर्ण चुनाव प्रक्रिया में सुरक्षा की जिम्मेदारी दिल्ली पुलिस और अर्धसैनिक बल के 56 हजार जवानों के हाथों में सौंपी गई है।

जानकारों की राय में इस बार का निगम चुनाव परिणाम देश की राजनीतिक राजधानी के सियासी फलक को नया रंगरूप देने के अलावा तीनों दावेदार दलों के राजनीतिक भविष्य के लिए भी अग्नि परीक्षा साबित होगा।

एक तरफ इस चुनाव का परिणाम पिछले विधानसभा चुनाव में 67 सीट जीतने का इतिहास बनाने वाली आम आदमी पार्टी की लोकप्रियता का पैमाना बनेगा वहीं दिल्ली की राजनीति में हाशिए पर जा पहुंची भाजपा और कांग्रेस के सियासी भविष्य की तस्वीर भी साफ हो जायेगी।

इस चुनाव में मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की अगुवाई वाली आप के लिए अपने जनाधार को बरकरार रखने की चुनौती है। जबकि पिछले दस साल से निगम की सत्ता पर काबिज भाजपा का लक्ष्य देशभर में चल रही मोदी लहर के सहारे एक बार फिर सत्ता की नाव को पार लगाना है। वहीं विधानसभा में सूपड़ा साफ करा चुकी कांग्रेस के लिए यह चुनाव खोई जमीन वापस पाने का अवसर है।