अब अरुण शौरी ने सरकार पर साधा निशाना, नोटबंदी को बताया सबसे बड़ा घपला

नई दिल्ली भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व वित्त मंत्री यशवंत सिन्हा के बाद अब एक और पूर्व मंत्री अरुण शौरी ने भी केंद्र सरकार की आर्थिक नीतियों पर हमला किया है। शौरी ने एनडीटीवी के साथ एक इन्टरव्यू में कहा है कि नोटबंदी अब तक का सबसे बड़ा मनी लांड्रिंग घोटाला है।

Facebook पे हमारे पेज को लाइक करने के लिए क्लिक करिये

गौरतलब है कि शौरी और सिन्हा दोनों पूर्व प्रधान मंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की सरकार में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभा चुके हैं। शौरी ने जीएसटी पर भी सरकार की आलोचना की। शौरी ने करीब एक साल पहले नवंबर में एक हजार रुपए और पांच सौ रुपये के नोटों को चलन से बाहर कर दिए जाने के निर्णय की आलोचना करते हुए कहा कि इस वजह से आज अर्थव्यवस्था में सुस्ती देखी जा रही है।

उन्होंने कहा कि यह नोटबंदी अब तक का सबसे बड़ा मनी लॉन्ड्रिंग घोटाला है, जिसे पूरी तरह से सरकार ने अंजाम दिया है। उन्होंने नोटबंदी को एक बेवकूफाना कार्य बताया, जिन लोगों के काला धन था उन्होंने उसे सफेद बना लिया।

उन्होंने जीएसटी को सरकार की असफलता बताया। उन्होंने कहा कि यह एक प्रमुख आर्थिक सुधार है, लेकिन इसे गलत तरीके से लागू किया गया। 3 महीने के अंदर सात बार नियम बदले गए। उल्लखनीय है कि मोदी सरकार की आर्थिक नीतियों की शौरी ने ऐसे समय में आलोचना की है जब वह विपक्ष के साथ साथ अपनों के निशाने पर हैं।