मंदी में भी अमीर हुए मुकेश अंबानी, तेजी से बढ़ी अमीरों की दौलत

विभिन्न क्षेत्रों में कारोबार करने वाली कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज के मालिक मुकेश अंबानी लगातार 10वें साल भारत के सबसे अमीर व्यक्ति बनकर उभरे हैं। उनकी कुल संपत्ति (नेटवर्थ) बढ़कर 38 अरब डॉलर यानी 2.5 लाख करोड़ रुपये पर पहुंच गई है।

फोर्ब्स द्वारा जारी दुनिया के अरबपतियों की 2017 की लिस्ट में 2,043 अमीरों को जगह मिली है। इन लोगों की कुल संपत्ति में पिछले साल के मुकाबले 18 प्रतिशत का इजाफा हुआ है। रिलायंस इंडस्ट्रीज के प्रमुख मुकेश अंबानी लगातार 10वें साल भारत के कुबेर बने हुए हैं। उनकी कुल संपत्ति बढ़कर 38 अरब डॉलर हो गई है। पिछले एक साल में उनकी संपत्ति 67 फीसदी बढ़ी और इसके साथ ही वह एशिया के पांच शीर्ष रईसों में शुमार हो गए।

वहीं देश में आर्थिक मंदी के दावे के बाद भी 100 शीर्ष अमीरों की संपत्ति में 26 फीसदी का इजाफा हुआ है। देश की तीसरी बड़ी सॉफ्टवेयर कंपनी विप्रो के अजीम प्रेमजी 19 अरब डॉलर की संपत्ति के साथ दूसरे स्थान पर काबिज हुए हैं। गत वर्ष की तुलना में वह दो पायदान ऊपर चढ़े हैं। दवा कंपनी सन फार्मा के मालिक दिलीप सांघवी 12.1 अरब डॉलर की संपत्ति के साथ नौवें स्थान पर आ गए। पिछले साल वह दूसरे नंबर पर थे।

मुकेश अंबानी के छोटे भाई अनिल अंबानी 32वें स्थान पर 45 पर लुढ़क गए हैं। उनकी संपत्ति 3.15 अरब डॉलर आंकी गई, जो 2016 में 3.4 अरब डॉलर थी। पतंजलि आयुर्वेद के प्रणेता योगगुरु रामदेव के करीबी आचार्य बालकृष्ण ने इस बार लंबी छलांग लगाई है। वह 6.55 अरब डॉलर (43 हजार करोड़ रु.) की संपत्ति के साथ 19वें स्थान पर आ गए, जबकि गत वर्ष वह 48वें स्थान पर थे।