जल्द राजनीतिक पार्टी का ऐलान कर सकते हैं शाह फैसल

आईएएस छोड़कर नेता बने शाह फैसल अपनी राजनीतिक पार्टी बनाने पर विचार कर रहे हैं। हाल ही में उन्होंने पाकिस्तानी प्रधानमंत्री इमरान खान को नोबेल पुरस्कार दिए जाने की वकालत की थी।

इससे पहले फैसल ने कहा था कि ऐसा करने से इमरान को भारत-पाक संबंधों की बेहतरी के लिए काम करने का प्रोत्साहन मिलेगा। फैसल के इस कथन के बाद सोशल मीडिया पर उनकी जमकर आलोचना हुई थी।

जल्द ही चुनाव आयोग से उन्हें पार्टी सिंबल मिल जाएगा। शाह फैसल ने साल 2010 में यूपीएससी परीक्षा में टॉप किया था। पिछले महीने उन्‍होंने भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) से इस्‍तीफा दे दिया था। उनके इस फैसले ने कई लोगों को हैरान किया था।

उन्‍होंने इस्‍तीफा देने की वजह घाटी में लगातार हो रही हत्‍याओं को बताया था। लेकिन इस्तीफे के बाद से ही इस बात की अटकलें लगाई जा रही थी कि शाह फैसल जल्द ही राजनीति में आ सकते हैं। बाद में उनकी कुछ राजनीतिक दलों से भी खास कर नेशनल कांफ्रेंस से भी करीबी की खबर थी।