मोदी के पक्ष में माहौल, पहले से ज्यादा सीटें जीतेंगे: अमित शाह

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने लखनऊ में हुई समन्वय बैठक में अपने उद्बबोधन में कहा कि पूरे देश में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पक्ष में माहौल बना हुआ है। विपक्ष की जोड़तोड़ की राजनीति को देश की जनता अच्छी तरह से समझ चुकी है। ऐसी स्थिति भाजपा 2014 के चुनाव से ज्यादा 2019 के लोकसभा चुनावों में सीटें पाएगी।

अमित शाह ने कहा कि 2014 के लोकसभा चुनाव से पहले भाजपा केवल मध्य प्रदेश, राजस्थान, छत्तीसगढ़, गुजरात, झारखंड सरीखे राज्यों तक ही सीमित रहा करती थी। इन राज्यों में विकास होने से बारम्बार भाजपा की सरकार बनी। लोगों के बीच भी सकारात्मक संदेश गया। उसके बाद 2014 के चुनाव के बाद मोदी सरकार की विकासपरक व कल्याणकारी योजनाओं पर पूरे देश की जनता ने अपनी मुहर लगाई।
नतीजतन, मौजूदा समय में 19 राज्यों में भाजपा की सरकारें हैं। इनमें ऐसे राज्य भी हैं, जहां कभी भाजपा की सरकार होने की कल्पना भी नहीं की जा सकती है लेकिन अभी हमें इतने भर से संतोष नहीं है। हमारा लक्ष्य सभी राज्यों में अपनी सरकार बनाकर कांग्रेस मुक्त भारत बनाने का है। उन्होंने कहा कि विपक्ष महागठबंधन कर ले या फिर और कोई तिकड़म वह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की लोकप्रियता के आगे कहीं भी नहीं टिकेगा।