त्रिलोकपुरी में दो समुदाय में टकराव, जमकर हुई पत्थरबाजी, भारी पुलिस बल तैनात!

त्रिलोकपुरी इलाके में बृहस्पतिवार रात मामूली विवाद में दो समुदायों के लोग आमने-सामने आ गए और एक-दूसरे पर जमकर पथराव किया। घटना की सूचना पर भारी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंचा और उपद्रवियों को लाठीचार्ज व आंसू गैस के गोले छोड़कर तितर-बितर किया।

इस दौरान उपद्रवियों ने दस वाहनों के शीशे तोड़ दिए। वारदात में दो लोग घायल हुए हैं। तनाव को देखते हुए इलाके में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस ने दंगा फैलाने का मामला दर्ज कर सात लोगों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार पकड़े गए लोग गांधी, कमल, ताहिर, ललित, आशू, आसिफ और ताहिर हैं। गांधी इलाके का घोषित बदमाश है। बृहस्पतिवार रात करीब साढ़े नौ बजे 20 ब्लॉक में पथराव होने की सूचना मिली।

पुलिस के मुताबिक, ऑटो चालक शोएब एक पार्क के पास ऑटो खड़ा कर रहा था। इसका कुछ युवकों ने विरोध किया। इसे लेकर उनके बीच झगड़ा हो गया। युवकों ने शोएब की पिटाई कर दी। इसकी जानकारी पर शोएब के समर्थक पहुंच गए और दोनों पक्षों में पथराव शुरू हो गया। इस दौरान दस से ज्यादा वाहन क्षतिग्रस्त हो गए।

सूचना पर मयूर विहार थाना पुलिस पहुंची और पथराव कर रहे लोगों को हटने के लिए कहा। इस पर भी उपद्रवी नहीं माने तो भारी पुलिस बल बुलाकर पथराव करने वालों पर लाठीचार्ज किया गया। आंसू गैस के गोले भी छोड़े गए। मामला शांत होने के बाद पुलिस ने पथराव करने वाले दोनों पक्षों के सात लोगों को गिरफ्तार कर लिया।