VIDEO- भारतीय सीमा में घुसा पाकिस्तानी हेलिकॉप्टर, सैनिकों ने हेलिकॉरप्टर पर की फायरिंग

पुंछ: एलओसी पर पाकिस्तान का दुस्साहस देखने को मिला। जारी वीडियो में देखा जा सकता है कि किस तरह पाकिस्तान का हेलिकॉप्टर भारत की सीमा में दाखिल हो गया। हरकत में आए भारतीय सैनिकों ने हेलिकॉरप्टर पर कुछ राउंड फायरिंग की, जिसके बाद वो पाकिस्तान की तरफ मुड़ गया

पाकिस्तान की इस हिमाकत से सीमा पर तनाव की स्थिति बनी हुई है। साथ ही भारतीय वायुसेना सतर्क है। सैन्य सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक रविवार को पुंछ के गुलपुर सेक्टर में इस तरह का दुस्साहस देखा गया। भारतीय हवाई क्षेत्र में पाकिस्तानी अतिक्रमण को गंभीरता से लिया जा रहा है।

पाकिस्तान का हेलिकॉप्टर दोपहर करीब 12:30 बजे भारतीय सीमा में दाखिल हुआ। वो सीमा के कई मीटर अंदर तक दाखिल हो गया। इसके बाद भारतीय सेना ने हेलिकॉप्टर को निशाने पर लिया और कुछ गन शॉट्स दागे।

सेना का मानना है कि ये हेलिकॉप्टर इलाके की रेकी करने के लिए आया होगा। इस बारे में पाकिस्तानी सैन्य अधिकारियों तक कड़ी आपत्ति दर्ज करा दी गई है। रक्षा जानकारों की माने तो संयुक्त राष्ट्र महासभा में भारत की विदेश मंत्री सुषमा स्वराज के तीखे तेवर से पाकिस्तान बौखलाया हुआ है। सुषमा स्वराज ने पाकिस्तान को आतंकवादियों का सुरक्षित पनाहगाह बताया था। साथ ही स्वराज ने दौरे के दौरान पाकिस्तान को कोई भाव नहीं दिया था।