दिल्ली सरकार की ओर से शुक्रवार को आयोजित कार्यक्रम में शिरकत करने पहुंचे पूर्व केंद्रीय मंत्री व भाजपा के सांसद शत्रुघ्न सिन्हा को पार्टी कार्यक्रताओं ने काले झंडे दिखाए।
बता दें कि शुक्रवार को दिल्ली सरकार ने उत्तर पूर्वी जिले के नंद नगरी से स्किल डेवलपमेंट कार्यक्रम को लॉंच किया। इस कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया के साथ भाजपा नेता और सांसद शत्रुघ्न सिन्हा भी मौजूद रहे।
इस दौरान दोनों नेता मंच पर एक-दूसरे के साथ कंधा मिलाते हुए दिखे। हालांकि यह सब भाजपा कार्यकर्ताओं को पसंद नहीं आया, जिसके कारण कार्यकर्ताओं ने विरोध में शत्रुघ्न सिन्हा को काले झंडे दिखाए।
आपको बता दें कि मुखर होकर पार्टी लाइन से हमेशा अलग अपने विचार रखने वाले शत्रुघ्न सिन्हा के आम आदमी पार्टी सरकार (आप) के कार्यक्रम शामिल होने पर सियासी गलियारे में एक बार फिर से चर्चाएं शुरु हो गई है।
सियासी पंड़ितों का आंकलन है कि लोकसभा चुनाव से पहले सिन्हा कोई बड़ा धमाका कर सकते हैं। इधर आम आदमी पार्टी ने इस तरह के किसी भी संभावनाओं से इनकार किया है। हालांकि यह कोई पहला अवसर नहीं है जब सिन्हा आम आदमी पार्टी सरकार के कार्यक्रम में शामिल हुए हैं।