VIDEO: बीजेपी विधायक के बेटे को ओवरटेक के लिए साइड नहीं मिली तो निर्दोष युवक को बुरी तरह पीटा

राजस्थान के बांसवाड़ा क्षेत्र में सत्ता की हनक में चूर भाजपा विधायक के बेटे की अमानवीय हरकत सामने आई है। घटना लगभग एक माह पुरानी बताई जा रही है। घटना का वीडियो अब सामने आया है। वीडियो सामने आने के बाद राज्य में भाजपा की साख पर दाग लगा है। हम बात कर रहे हैं भाजपा विधायक धनसिंह रावत के बेटे की।

तकरीबन एक माह पहले बांसवाड़ा में स्कॉर्पियो सवार कुछ युवकों ने दूसरे कार में सवार एक युवक की बुरी तरह पिटाई कर दी थी। तब घटना के बारे में सिर्फ स्थानीय लोगों को ही पता चल पाया था। घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद लोगों को पता चला कि मारपीट करने वाला कोई और नहीं भाजपा धन सिंह रावत का बेटा था।

सूत्रों की मानें तो तब सत्ता की धमक दिखाते हुए विधायक ने पीड़ित पक्ष को डरा धमका कर समझौते के लिए मजबूर कर दिया था। घटना के बारे में पूछे जाने पर पुलिस भी चुप्पी ही साधी रही। वीडियो सामने आने के बाद भाजपा विधायक और उनके बेटे की कलई खुल गई है।

जून महीने के शुरुआत में शाम के वक्त शारदा कॉलोनी में रहने वाला एक युवक अपनी स्विफ्ट कार से महाराणा प्रताप सर्किल की तरफ आ रहा था। निर्माणकार्य के चलते रास्ता वन वे किया गया था। स्विफ्ट के पीछे भाजपा विधायक ने अपनी स्कार्पियों लगा दी। स्कार्पियो में उसके कई साथी भी थे।

वन वे के कारण स्विफ्ट में बैठा युवक विधायक के बेटे की गाड़ी को पास नहीं दे पाया। विधायक के बेटे को यह नागवार गुजरा। रास्ता मिलने पर विधायक के बेटे ने अपनी गाड़ी स्विफ्ट के आगे लगा दी। इसके बाद विधायक के बेटे ने स्विफ्ट चला रहे युवक को बुरी तरह पीटा। विधायक के बेटे के साथियों ने उसकी कार भी तोड़ दी।