कांग्रेस भीम आर्मी और चंद्रशेखर के साथ है, पुलिस ने उसके साथ मारपीट की तो अंजाम बुरा होगा: इमरान मसूद

भीम आर्मी सेना के संस्थापक चंद्रशेखर को आज यूपी पुलिस ने हिमाचल प्रदेश के डलहौजी से गिरफ्तार कर लिया है। चंद्रशेखर पर सहारनपुर में दलित और ठाकुर समुदाय के लोगों के बीच हुई जातीय हिंसा में दंगे भड़काने का आरोप है।

चंद्रशेखर की गिरफ्तारी की खबर से सहारनपुर में काफी अफरा-तफरी मची हुई है। शहर में पुलिस बल तैनात की गई है ताकि किसी तरह की हिंसा न हो पाए।

शहर को आने वाले सभी रास्तों पर सघन चेकिंग की जा रही है। इस मामले में प्रदेश उपाध्यक्ष इमरान मसूद के एक बयान ने मामले को एक गंभीर मोड़ दे दिया है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस चंद्रशेखर के साथ खुलकर खड़ी है। हम सविंधान के निर्माता बाबा साहब अम्बेडकर को मानने वाले हैं। हम ये लड़ाई कानूनी रुप से लड़ेंगे। हमें न्यायपालिका पर पूरा भरोसा है। लेकिन अगर पुलिस चंद्रशेखर के साथ मारपीट करती है तो उसका अंजाम बहुत बुरा हो सकता है।