प्रियंका गांधी ने मोदी को दुर्योधन कहने में गलती की, वह तो जल्लाद है : राबड़ी देवी

पटना : लोकसभा चुनाव के दौरान नेताओं की सियासी बयानबाजी जारी है। इस क्रम में आरजेडी सुप्रीमो लालू यादव की पत्नी राबड़ी देवी ने पीएम मोदी की तुलना जल्‍लाद से कर दी। मीडिया ने जब उनसे पूछा कि प्रियंका गांधी ने पीएम मोदी को दुर्योधन कहकर संबोधित किया था तो इस पर आप क्या कहेंगी? इस पर राबड़ी ने कहा कि प्रियंका ने उनको दुर्योधन कहकर गलती की है, वह तो जल्‍लाद है जल्‍लाद.

राबड़ी देवी ने कहा, प्रियंका गांधी ने प्रधानमंत्री को दुर्योधन कहकर गलत किया है। दूसरी भाषा बोलनी चाहिए उनको। वह सब तो जल्लाद हैं, जल्लाद। जो जज को मरवा देता है, उठवा लेता है, ऐसा आदमी का मन और विचार कैसा खूंखार होगा। हाल ही में पीएम नरेंद्र मोदी पर परोक्ष रूप से हमला बोलते हुए कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने उन्हें दुर्योधन कह दिया था। इसके बाद इस बयान पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए अमित शाह ने कहा कि लोग 23 मई को तय करेंगे कि कौन दुर्योधन और कौन अर्जुन है.

मोदी के लिए कौन क्या कहा
ममता बनर्जी: पीएम मोदी को थप्पड़ मारने का मन करता है। मैंने ऐसा झूठा प्रधानमंत्री नहीं देखा। जब चुनाव आते हैं तो राम नाम जपने लगते हैं।
प्रियंका गांधी: देश ने अहंकार को कभी माफ नहीं किया। ऐसा अहंकार दुर्योधन में भी था। जब भगवान कृष्ण उन्हें समझाने के लिए गए थे, तब दुर्योधन ने उन्हें बंधक बनाने की कोशिश की। जब नाश मनुज पर छाता है, पहले विवेक मर जाता है।

राबड़ी देवी: प्रियंका गांधी ने नरेंद्र मोदी को दुर्योधन बोलकर गलत किया है, दूसरी भाषा बोलना चाहिए उनको, वो सब तो जल्लाद हैं। जो जज को और पत्रकार को मरवा देता है, उठवा लेता है। ऐसे आदमी का मन और विचार कैसा होगा, खूंखार होगा।

संजय निरुपम: वाराणसी आकर के मुझे महसूस होता है कि यहां के लोगों ने जिस व्यक्ति को चुना है, वह नरेंद्र मोदी दरअसल औरंगजेब के आधुनिक अवतार हैं, क्योंकि बनारस में कॉरिडोर के नाम पर जिस तरीके से मोदीजी के इशारे पर सैकड़ों मंदिरों को तुड़वाया गया है, जिस तरीके से मोदीजी के इशारे पर मंदिर में बाबा विश्वनाथ के दर्शन के लिए 550 रुपये का फीस लगाया गया है, फाइन लगाया गया है, चार्ज लगाया गया है, वह इस बात का सबूत है कि जो काम औरंगजेब नहीं कर पाया, वह नरेंद्र मोदी कर रहे हैं।’

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपनी हालिया रैली में राजीव गांधी को लेकर टिप्पणी की थी। मोदी ने कहा था, उनके पिता (राहुल गांधी के पिता राजीव गांधी) का जीवन एक नंबर के भ्रष्ट नेता के तौर पर समाप्‍त हो गया।

इसके बाद से कांग्रेस भड़क गई है। मोदी के खिलाफ पहले चुनाव आयोग में और फिर सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर की है। मोदी के इस बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए राहुल गांधी ने ट्वीट किया, ‘मोदी जी, अब लड़ाई खत्म हो चुकी है। आपका कर्म आपका इंतजार कर रहा है…. मेरी तरफ से आपको ढेर सारा प्यार।’

वहीं मोदी पर ममता बनर्जी के बयान पर जवाब देते हुए विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने कहा, ‘ममता जी, आज आपने सारी हदें पार कर दीं। आप प्रदेश की मुख्यमंत्री हैं और मोदी जी देश के प्रधानमंत्री हैं। कल आपको उन्हीं से बात करनी है। इसलिए बशीर बद्र का एक शेर याद दिला रही हूं: दुश्मनी जम कर करो लेकिन ये गुंजाइश रहे, जब कभी हम दोस्त हो जाएं तो शर्मिंदा न हों।’