बांग्लादेश में बाढ़ का कहर, 14 लोगों की मौत, मरने वालों में ज्यादातर रोहिंग्या मुसलमान!

बांग्लादेश के दक्षिण-पूर्वी इलाकों में घनघोर बारिश के चलते बाढ़ और भूस्खलन ने जमकर कहर बरपाया है। प्राप्त जानकारी के मुताबिक कई शरणार्थी शिविर बह गए जिसके चलते 14 लोगों की मौत हो गई, जबकि करीब दो दर्जन लोग लापता हैं।

करीब नौ हजार ज्यादा लोग प्रभावित हुए हैं। मरने वालों में ज्यादातर रोहिंग्या मुसलमान हैं। आशंका जताई जा रही है कि मृतकों की संख्या और बढ़ सकती है।

सबसे ज्यादा असर म्यांमार सीमा के पास कॉक्स बाजार और रंगमाटी जिलों में हुआ है। गौरतलब है कि म्यांमार में हुई सैन्य कार्रवाई के बाद भागे करीब सात लाख रोहिंग्या मुस्लिम बांग्लादेश पहुंचे थे। तब से ये इन्हीं इलाकों में बने शरणार्थी शिविरों में रह रहे हैं।

स्थानीय प्रशासन के अनुसार इलाके में हुई भारी बारिश से आसपास के घरों को भी खासा नुकसान पहुंचा है। अभी मृतकों की शिनाख्त नहीं हो पाई है। स्थानीय प्रशासन के मुताबिक राहत एवं बचाव की कोशिशें जारी हैं, लेकिन प्रभावित लोगों तक पहुंचने में भी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।