आईपीएल नीलामी : बेन स्टोक्स 14.5 करोड़ में बिके, ऑल राउंडर इरफान पठान रहे अनसोल्ड

बेंगलूरू। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 10 के लिए खिलाडि़यों की नीलामी जारी है। अभी तक की नीलामी में इंग्‍लैंड के बेन स्‍टोक्‍स सिंकदर साबित हुए हैं। उन्‍हें राइजिंग पुणे सुपरजाएंटस ने 14.50 करोड़ रुपये की भारी भरकम रकम में खरीदा है। वे इस आईपीएल सीजन के सबसे महंगे क्रिकेटर हैं। वहीँ ऑल राउंडर इरफान पठान को किसी टीम ने नहीं खरीदा है।
वहीं पिछले साल की बोली में सितारा बनकर उभरे भारत के पवन नेगी को इस बार भी खरीदार मिल गए। उन्‍हें रॉयल चैंलेजर्स बेंगलोर ने 1 करोड़ में खरीदा। पिछले साल के मुकाबले उन्‍हें साढ़े सात करोड़ रुपये कम मिले। नीलामी के पहले दो लॉट में केवल पांच खिलाड़ी इयॉन मॉर्ग, पवन नेगी, कोरे एंडरसन, एंजेलो मैथ्‍यूज और बेन स्‍टोक्‍स को ही खरीदा गया।

इस नीलामी में कुल 351 खिलाड़ी शामिल हैं। जिसमें 122 खिलाड़ी ऐसे हैं जो अंतरराष्ट्रीय स्तर पर क्रिकेट खेल रहे हैं या फिर खेल चुके हैं। इसके अलावा अन्य वो खिलाड़ी हैं जो घरेलू स्तर पर क्रिकेट खेलते हैं। न्‍यूजीलैंड के तेज गेंदबाज ट्रेंट बोल्‍ट को कोलकाता नाइटराइडर्स ने पांच करोड़ में ख़रीदा। रबाडा को लेकर किंग्‍स इलेवन पंजाब और दिल्‍ली डेयरडेविल्‍स के बीच टक्‍कर चली और अंत में पांच करोड़ में दिल्‍ली ने रबाडा को खरीदा। ऐजेलो मैथ्यूज को दिल्ली डेयर​डेविल्स ने 2 करोड़ में खरीदा है।
भारत के सौरव तिवारी को किसी टीम ने नहीं खरीदा। इंग्लैंड के कप्तान इयोन मोर्गन थे जिनकी बोली लगाई गई। किंग्स इलेवन पंजाब ने उन्हें 2 करोड़ रुपए में खरीदा। पहली बोली ​मार्टिन गप्टिल की लगी जिन्हें किसी टीम ने खरीदने में दिलचस्पी नहीं दिखाई। उनका बेस प्राइस 50 लाख था। इस बार सबसे ज्यादा बेस प्राइस वाले खिलाड़ी इयोन मॉर्गन, एंजेलो मैथ्यूज, पैट कमिंस, मिचेल जॉनसन, ईशांत शर्मा, क्रिस वोक्स और बेन स्टोक्स हैं।