आम चुनाव-2019 के छठे चरण के तहत 12 मई को बिहार की 8 लोकसभा सीटों- वाल्मिकीनगर, पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, शिवहर, वैशाली, गोपालगंज, सिवान और महाराजगंज में मतदान होगा।
इन लोकसभा सीटों के लिए 16 महिलाओं सहित कुल 127 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। इनमें से वाल्मिकीनगर, पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, शिवहर, वैशाली, सिवान और महाराजगंज सामान्य सीट है, जबकि गोपालगंज सुरक्षित सीट है।
बिहार के मुख्य निर्वाचन अधिकारी की ओर से जारी किए गए आंकड़ों के अनुसार इन 8 लोकसभा सीटों में कुल 1,38,02,576 मतदाता हैं जिनमें से 73,05,983 पुरुष, 64,96,117 महिलाएं और 476 थर्ड जेंडर मतदाता हैं।
बिहार में छठे चरण के तहत होने वाले मतदान का रोचक तथ्य यह है कि इस चरण में क्षेत्र और मतदाताओं की संख्या के लिहाज से गोपालगंज सबसे बड़ी लोकसभा सीट है, जबकि मतदाताओं की संख्या के हिसाब से पश्चिम चंपारण सबसे छोटी लोकसभा सीट है।
सबसे ज्यादा 22 उम्मीदवार पूर्वी चंपारण और वैशाली से मैदान में है। कुल 16 महिला उम्मीदवारों में से 8 वैशाली से, 4 सिवान से और वाल्मिकीनगर, पूर्वी चंपारण, शिवहर तथा महराजगंज से एक-एक महिला उम्मीदवार चुनाव लड़ रही हैं।