खूंटी जिले के कर्रा ब्लॉक के तहत लिमड़ा पंचायत की 11 लड़कियां गुजिशता 28 अप्रैल से गायब हैं। 22 दिन बीत जाने के बाद भी इनका कुछ पता नहीं चल पाया है। चंद पैसों के लिए इनके करीबियों ने ही दलालों के हाथों बेच दिया है। ये लड़कियां फिलहाल कहां हैं, किसी को नहीं मालूम है। सभी लड़कियां 14 से 18 साल की हैं। गायब लड़कियों में से कुछ ने इंटरमीडिएट की इम्तिहान भी दी है।
बताया जाता है कि अकेले लिमड़ा पंचायत के चान्हो गांव की पांच लड़कियों को उसी गांव की एक खातून ने बेच दिया है। गायब हुई लड़कियों के अहले खना ने जब खातून की तलाश की और उसे धमकाया, तब मुल्ज़िम खातून ने बताया कि उसने गांव की पांच लड़कियों को 1000 रुपये में बेच दिया है। उसने रातों-रात पांचों लड़कियों को गोविंदपुर स्टेशन पहुंचाया था।
स्टेशन पर उसने लड़कियों को शंकर लोहरा नाम के बिचौलिये को सौंपा था। उसके बाद दूसरे ही दिन खातून भी खुद फरार हो गयी। बेची गयी एक बच्ची की फुआ अंजलि कच्छप ने बताया कि पहले तो खातून ने लड़कियों को बहला फुसला कर एक जगह इकट्ठा किया। उसके बाद लालच देकर रातों-रात गांव से बाहर भगा दिया।