तिरुवनंतपुरम। केरल में शनिवार को चार और मछुआरों के शव बरामद किए गए, जिसके बाद चक्रवात ओखी के कारण मरने वालों की संख्या बढ़कर अब छह हो गई है। जबकि राज्य के 102 मछुआरों के बारे में अभी तक कोई जानकारी नहीं मिली है।
भारतीय नौसेना, वायुसेना और तटरक्षक द्वारा शुरू बचाव अभियान के हिस्से के रूप में शव बरामद किए गए। चक्रवात ओखी ने केरल और तमिलनाडु के दक्षिणी जिलों में दस्तक दी है।
एक मृतक की पहचान हो गई है, लेकिन बाकी तीन शव बुरी तरह सड़ गए हैं, जिसके कारण उनकी पहचान कर पाना कठिन हो गया है।
आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक, केरल के 37 मछुआरों को संयुक्त अभियान में बचाया गया, जबकि कुछ अन्य अपने आप लौट आए। शनिवार शाम तक, लौटे मछुआरों की कुल संख्या 450 थी, जबकि राज्य के 102 लोगों के बारे में कोई जानकारी नहीं मिली है। वे अभी भी गायब हैं।
मुख्यमंत्री पिनरई विजयन ने मीडिया को बताया कि मृत मछुआरों के परिवारों को 10-10 लाख रुपये और घायलों को 20-20 हजार रुपये दिए जाएंगे।