दिल्ली में हुई कांग्रेस की नवगठित कांग्रेस कार्यसमिति की विस्तारित बैठक में महा-गठबंधन का मुदा छाया रहा है। वहीं कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने बिना नाम लिए शशि थरूर पर निशाना साधा है। राहुल ने कहा कि गलत बयानबाजी करने वालों कार्रवाई की जाए क्योंकि ऐसी बयानबाजी से पार्टी को नुकसान पहुंच रहा है। उन्होंने कहा कि मैं और पार्टी बड़ी लड़ाई लड़ रहे हैं और ऐसे बयानों से पार्टी को नुकसान हो रहा है।
वहीं इस बैठक में सोनिया गांधी से लेकर पी चिदंबरम तक ने अपने भाषण में गठबंधन की जरूरत पर बल दिया। सूत्रों के मुताबिक यूपीए अध्यक्ष सोनिया गांधी ने कहा कि लोकतंत्र बचाने के लिए समान विचारधारा वाले दलों को व्यक्तिगत महत्वाकांक्षाएं छोड़कर साथ आना चाहिए। वहीं पूर्व गृहमंत्री पी चिदंबरम ने 2019 में मिशन 300 का एक खाका पेश किया।
सूत्रों के मुताबिक चिदम्बरम ने प्रेजेंटेशन देते हुए कहा कि वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों में बारह राज्यों में कांग्रेस अपने दम पर सीटें तिगुनी कर सकती है। चिदम्बरम ने कहा कि करीब 300 सीटों पर कांग्रेस मजबूत है वहीं 250 सीटों पर क्षेत्रीय दल। कांग्रेस 300 में से 140 से 150 सीटें जीतने की स्थिति में है।
वहीं बहुमत का आंकड़ा सहयोगियों के सहारे छू सकती है। संकेत साफ है कि कांग्रेस लगभग 300 सीटों पर अकेले लड़ने और लगभग 250 सीटों पर रणनीतिक गठबंधन की जरूरत समझ रही है।
मतलब ये कि फिलहाल कांग्रेस के पास 48 सीटें हैं, चिदम्बरम के मुताबिक कांग्रेस इसे 150 सीटों तक पहुंचा सकती है। ये वो सीटें हैं जहां कांग्रेस-बीजेपी की सीधी लड़ाई है।
ये राज्य हैं गुजरात, मध्यप्रदेश, राजस्थान, छत्तीसगढ़, हरियाणा, हिमाचल, कर्नाटक, पंजाब, असम आदि। सूत्रों के मुताबिक चिदम्बरम ने कहा कि अन्य जगहों पर कांग्रेस को रणनीतिक गठबंधन करना चाहिए ताकि बीजेपी को रोका जा सके।