गुजरात के मुख्यमंत्री बनारस में सदाकाल उत्सव का करेंगे उद्धघाटन

फैसल फरीद

लखनऊ: बनारस वासियों को भारत के गुजरात राज्य की झलक अपने शहर में ही मिलेगी। गुजरात के मुख्यमंत्री स्वयं बनारस पहुंचेंगे। गुजरात सरकार द्वारा शहर में दो दिवसीय सदाकाल उत्सव का आयोजन कल से किया जायेगा।

बनारस प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का लोक सभा क्षेत्र है और मोदी गुजरात के मुख्यमंत्री रह चुके हैं। ऐसे में उनके गृह राज्य की सांस्कृतिक विरासत की झलक का आनंद काशीवासी भी उठाएंगे।

सदाकाल उत्सव का शुभारम्भ गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रुपानी करेंगे। गुजरात के वरिष्ठ अधिकारी अभी से बनारस में डेरा डाल चुके हैं और उत्सव की तैयारियां देख रहे हैं। गुजरात के मुख्य सचिव एम् पी लवानिया और दूसरे अधिकारी आयोजन स्थल पर खुद मौजूद हैं।तैयारियां अब अंतिम पड़ाव पर हैं।

सदाकाल उत्सव का आयोजन बनारस में अस्सी घाट पर किया जायेगा। गुजरात के अधिकारीयों ने काशी में रहने वाले गुजराती समाज से भी मुलाकात की। उत्सव में अलग अलग कार्यक्रमों के ज़रिये गुजरात के विकास की कहानी और सांस्कृतिक झलक पेश की जाएगी। पूरे शहर में लगभग 70 गेट बनाये जा रहे हैं। शहर के हर कोने पर होर्डिंग भी लगायी जा रही हैं। तीन बड़े बड़े प्रवेश द्वार भी बनाये जायेंगे। लगभग 7000 लोगो के बैठने की व्यवस्था की गयी हैं। कार्यक्रमों के लिए एक 75 फिट लम्बा स्टेज भी तैयार किया गया है। इस अवसर पर गुजरात सरकार एक प्रदर्शनी भी लगाएगी।

समारोह का उद्घघाटन गुजरात के मुखमंत्री विजय रुपानी करेंगे। उनके मंत्रिमंडल के अन्य सदस्यों के भी आने की सम्भावना हैं। एक निजी होटल  में गुजरात के विकास पर सेमिनार का भी आयोजन होगा। मुख्यमंत्री घाट पर महा-आरती कार्यक्रम में भी शिरकत करेंगे।

यह पहली बार होगा की गुजरात के मुख्यमंत्री बनारस आयेंगे और अपने प्रदेश की विरासत और विकास को प्रदर्शित करेंगे। पहली बार गुजरात के मुख्यमंत्री बनारस में रात्रि प्रवास भी करेंगे।

ध्यान रहे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का भी बनारस आने का कार्यक्रम 22 दिसम्बर को है। मोदी राष्ट्रीय संस्कृति महोत्सव का शुभारम्भ करेंगें और भाजपा के बूथ लेवल कार्यकर्ताओ की मीटिंग भी लेंगे।