नई दिल्ली: मुंबई बम ब्लास्ट के अलावा मर्डर, लूट और फिरौती के मामलों में उम्र कैद की सजा काट रहा अंडरवर्लड डॉन अबू सलेम जेल में ऐश व आराम की जिंदगी गुजार रहा है। मुंबई की तलोजा जेल के सुपरिटेंडेंट हीरालाल जाधव ने यह खुलासा किया है।
सलेम ने इसी साल जेल सुप्रीटेंडेंट हीरा लाल जाधव पर उसे खुदकुशी के लिए मजबूर करने का इल्ज़ाम लगाया था। और उसके बाद एक जांच कमेटी बैठाई गई थी।
इसी जांच कमेटी के रूबरू अपने बयान में जाधव ने पीर के रोज़ बताया कि जेल में वह ऐशो-आराम की जिंदगी जी रहा है। अंग्रेजी अखबार मिड डे में शाय खबर के मुताबिक, जाधव ने कहा कि सलेम जेल के अंदर ऐसी सहूलियात ले रहा है जिसका किसी दूसरे कैदियों के लिए तसव्वुर करना भी मुश्किल है। सलेम जेल में अपने साथियों के साथ पार्टी करता है। सलेम को जेल में घर का खाना खाने की इज़ाज़त है। वह होटल से भी खाना मंगवाता है।
अबू सलेम जेल में मकोका के तहत सजा काट रहे कैदी विश्वनाथ शेट्टी के साथ खाना खाता है। उसके दो और साथी भी इस पार्टी में शामिल होते हैं। उसे एक मर्तबा जेल में पार्टी के लिए केएफसी से चिकन मंगाते हुए भी पकडा गया है। नहाने के लिए रोज गरम पानी मांगता है। मना करने पर नाराज हो जाता है। सलेम की सेल से कई बार मोबाइल फोन चार्जर बरामद किया जा चुका है। जाधव के मुताबिक, सलेम अकसर झूठे हेल्थ इश्यूज को लेकर अफसरों पर प्रेशर डालता है कि उसे अस्पताल ले जाया जाए।
वह एक साल में 42 बार मुंबई के जेजे. हॉस्पिटल जा चुका है। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग की फेसेलिटी होने के बावजूद सलेम दिल्ली ले जाए जाने की मांग करता है। जाधव के मुताबिक जब उन्होंने सलेम की यह सारी हरकतें रोक दीं तो उसने बदला लेने के लिए इल्ज़ाम लगा दिया।
उसने कहा कि मैं उसे सुसाइड करने के लिए उकसा रहा हूं और ज़हर का इंजेक्शन लगाकर उसकी जान लेना चाहता हूं।