टीम इंडिया वर्ल्ड कप 2019 में अपने सबसे सीनियर और अनुभवी खिलाड़ी महेंद्र सिंह धोनी के साथ उतरना चाहती है। हालांकि, धोनी के हालिया फॉर्म को देखते हुए कुछ भी कह पाना मुश्किल है।
कोच रवि शास्त्री और कप्तान विराट कोहली भी धोनी की आलोचनाओं पर यह जवाब देते रहे हैं कि उनकी टीम में काफी अहमियत है और उनके बिना वर्ल्ड कप के बारे में सोचा नहीं जा सकता है।
शास्त्री और विराट के बयानों से इतर टीम इंडिया के एक पूर्व खिलाड़ी का कहना है कि अब धोनी दुनिया के बेस्ट फिनिशर नहीं रहे हैं और उनसे अब उम्मीद नहीं की जानी चाहिए।
इंग्लैंड में खराब परफॉर्मेंस के बाद एशिया कप 2018 में भी धोनी कुछ खास कमाल नहीं कर पाए। वह बल्लेबाजी में संघर्ष करते दिखाई दिए तो वहीं विकेट के पीछे भी उन्होंने कई कैच छोड़े। महेंद्र सिंह धोनी की इस परफॉर्मेंस को देखते हुए टीम इंडिया के पूर्व खिलाड़ी संजय मांजरेकर का कहना है कि अब फैन्स को महेंद्र सिंह धोनी से ज्यादा उम्मीदें नहीं करनी चाहिए।
हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि महेंद्र सिंह धोनी को 2019 का वर्ल्ड कप विकेटकीपर के रूप में भी खेलना चाहिए. उनका अनुभव टीम के काम आएगा. ईएसपीएन से बात करते हुए संजय मांजरेकर ने कहा, ”महेंद्र सिंह धोनी उनके फैन्स को यह स्वीकार कर लेना चाहिए कि वह अब दुनिया के सर्वश्रेष्ट फिनिशर नहीं हैं।
उन्होंने कहा, मैंने हमेशा कहा है कि इस स्तर पर महेंद्र सिंह धोनी दुनिया को हराने वाले क्रिकेटर नहीं रहे हैं। जैसे वह पहले थे। लिहाजा उन्हें निचले क्रम में खिलाया जाना चाहिए। एशिया कप के फाइनल में इन फॉर्म बल्लेबाज को पहले भेजना चाहिए था। अब हमे धोनी से कम उम्मीदें लगानी चाहिए।
इसके साथ ही मांजरेकर ने यह भी कहा कि लेकिन धोनी को विश्व कप टीम में होना चाहिए। वह सबसे अनुभवी विकेट कीपर बल्लेबाज हैं और धोनी आज भी बेस्ट विकेटकीपर हैं। उन्होंने कहा, ”धोनी की शानदार स्टंपिंग उन्हें सर्वश्रेष्ठ विकेटकीपर बनाती है। विश्व कप का दबाव धोनी झेल सकते हैं, लेकिन उनकी बल्लेबाजी उनके लिए समस्या बनी हुई है. यदि भारत के पास धोनी से कोई बेहतर विकल्प है तो उसे आजमाना चाहिए।
गौरतलब है कि एशिया कप 2018 में महेंद्र सिंह धोनी ने 6 मैचों की चार पारियों में 77 रन बनाए। सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ियों कि लिस्ट में धोनी 23वें नंबर पर रहे।
रन बनाने के मामले में दिनेश कार्तिक, शोएब मलिक और राशिद खान भी उनसे आगे रहे। दिनेश कार्तिक ने 5 पारियों में 146 रन बनाए। वहीं, 36 साल के शोएब मलिक ने 5 पारियों में 211 रन बनाए।अफगानिस्तान के गेंदबाद राशिद खान ने 4 पारियों में 87 रन बनाए.।