दिल्ली के उप राज्यपाल के पद से इस्तीफा दे चुके नजीब जंग शुक्रवार (23 दिसंबर) को प्रधानमंत्री कार्यालय पहुंचे। अभी मिली जानकारी के मुताबिक, फिलहाल नजीब का इस्तीफा मंजूर नहीं किया गया है क्योंकि राष्ट्रपति फिलहाल दिल्ली से बाहर हैं। जबतक इस्तीफा मंजूर नहीं हो जाता तबतक नजीब कामकाज देखते रहेंगे।
इससे पहले दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल आज सुबह नजीब जंग से मिलने पहुंचे थे। दोनों के बीच तकरीबन आधे घंटे मुलाकात चली। मुलाकात के बारे में पूछे जाने पर अरविंद केजरीवाल ने मीडिया को कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया। उन्होंने बस इतना कहा कि जंग ने उन्हें नाश्ते पर बुलाया था। नजीब ने पद क्यों छोड़ा इस बारे में सवाल पूछे जाने पर केजरीवाल ने भी वही जवाब दिया को नजीब ने दिए थे। केजरीवाल ने बताया कि नजीब जंग ने परिवार और शिक्षा के क्षेत्र में फिर से वापस जाने के लिए पद छोड़ा है।
दिल्ली के उप राज्यपाल नजीब जंग ने गुरुवार (22 दिसंबर) को इस्तीफा दे दिया था। पूर्व आईएएस अधिकारी नजीब जंग (65) ने 9 जुलाई, 2013 को उप राज्यपाल का पदभार संभाला था। उप राज्यपाल के कार्यालय के द्वारा जारी बयान में कहा गया, ‘जंग ने अपने कार्यकाल खासकर दिल्ली में एक साल के राष्ट्रपति शासन के दौरान मिले सहयोग एवं स्नेह के लिए जनता का धन्यवाद किया। राष्ट्रपति शासन के दौरान जंग को जनता से सतत समर्थन मिला और इस वजह से दिल्ली में सहजता और आसानी से प्रशासन चलाने में मदद मिली।’
जंग ने पिछले दो वर्ष साथ काम करने के लिए मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को धन्यवाद किया था। उनके कार्यालय ने कहा, ‘जंग अपनी उस पहली पसंद की तरफ लौट रहे हैं जो कि शिक्षण है।’