नाइजीरियाई लोगों का गोवा में स्वागत: मुख्यमंत्री पर्सेकर

नाइजीरियाई लोगों के साथ आमतौर पर गोवा के लोगों के खुश नहीं होने के अपने बयान पर उठे हालिया विवाद को कमतर करने की कोशिश में राज्य के मुख्यमंत्री लक्ष्मीकांत पर्सेकर ने आज कहा कि नाइजीरियाई समेत सभी विदेशी नागरिकों का राज्य में स्वागत है और सरकार सभी को सुरक्षा प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है।

उन्होंने यहां गृहमंत्री राजनाथ सिंह से मुलाकात के बाद संवाददाताओं से कहा, ‘‘गोवा एक पर्यटन राज्य है। हम किसी के यहां नहीं आने या उन पर पाबंदी लगाने की बात कैसे कर सकते हैं। गोवा में सभी का स्वागत है, चाहे नाइजीरियाई हों या अफ्रीकी हों। हम सभी को सुरक्षा प्रदान करेंगे।’’ हालांकि पर्सेकर ने कहा कि कुछ नाइजीरियाई नागरिकों से जुड़ी एक या दो घटनाएं हो सकती हैं लेकिन इसके लिए आम धारणा नहीं बनाई जा सकती।

उन्होंने कहा, ‘‘हम मामले में सभी नाइजीरियाई लोगों या अफ्रीकी लोगों के बारे में आम धारणा नहीं बना सकते।’’ पर्सेकर ने 30 मई को पणजी में यह कहकर विवाद खड़ा कर दिया था कि आमतौर पर लोग नाइजीरियाई लोगों से नाराज हैं, अन्य विदेशियों से नहीं। मुझे लगता है कि उनका (नाइजीरियाई लोगों का) अलग रवैया होता है।

(भाषा)