नाज़िया मुरादाबाद की चौथी हाफ़िज़ व कारी लड़की बनीं
लखनऊ। नाजिया परवीन मुरादाबाद जिले की चौथी लड़की हैं जिन्होंने मदरसा दारुल उलूम सदरुल अफाजिल करूला से हाफिज व कारी की तालीम मुकम्मक की है। उन्हें यह सनद सालाना जलसे में हाफिज व कारी की तालीम मुकम्मल कर चुके तालिब-ए-इल्म की दस्तारबंदी में दी गई। इस दौरान सभी को हजरत मुहम्मद सल. की सुन्नत पर अमल करने की हिदायत दी गई।
नाजिया के कारी की तालीम मुकम्मल करने से पहले महानगर की तीन लड़कियां भी यह कामयाबी हासिल कर चुकी हैं और आलिमा बन कर दीन-ए-इस्लाम की खिदमत कर रही हैं। जलसे में बरेली के मौलाना अहसन रजा खां ने लड़कियों को दुनियावी तालीम के साथ दीनी तालीम हासिल कराने पर जोर दिया। जलसे को मौलाना शकील अहमद, मुफ्ती अफरोज अहमद ने भी खिताब फरमाया।दिल्ली के मौलाना मुहम्मद तसलीम व मौलाना गुलाम मुस्तफा ने इस्लाम के उसूल, कुरआन व हजरत मुहम्मद सल. की सुन्नत पर अमल करने की हिदायत दी। तालीम मुकम्मल कर चुके हाफिज दरयाब आलम, हाफिज मुहम्मद वसीम व कारी नाजिया परवीन की दस्तारबंदी कर सम्मानित किया गया। मौलाना मुहम्मद फाजिल, कारी मुहम्मद नासिर, मौलाना सरफराज, मौलाना जावेद, कारी अब्दुल कादिर, हाफिज शेर मुहम्मद मौजूद थे। मदरसे के संस्थापक मौलाना फजलुर्रहमान अफजाल-उल-कादरी ने आभार जताया। अध्यक्षता मुफ्ती मुहम्मद अय्यूब खां नईमी संचालन मौलाना मुहम्मद आलिम ने किया।
यूपी से हाश्मी